Sports

IPL 2026 : चेन्नई का खेल खत्म… गुजरात की दहाड़ से प्लेऑफ की तस्वीर साफ

साई सुदर्शन, शुभमन गिल और जोस बटलर ने अहमदाबाद में बरसाए रन, जवाब में चेन्नई की बल्लेबाजी बिखरी, 89 रन की बड़ी जीत के साथ गुजरात दूसरे नंबर पर कायम, जबकि चेन्नई का सफर लीग स्टेज में ही थम गया

स्पोर्ट्स डेस्क, 22 मई 2026:

आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हराकर प्लेऑफ की रेस से बाहर कर दिया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 229 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर ढेर हो गई।

इस हार के साथ चेन्नई का सीजन खत्म हो गया। टीम 14 मैचों में छह जीत के साथ सातवें स्थान पर रही। वहीं गुजरात 18 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर कायम है। आखिरी प्लेऑफ स्थान के लिए अब राजस्थान, पंजाब, कोलकाता और दिल्ली के बीच मुकाबला बचा है।

WhatsApp Image 2026-05-22 at 7.40.58 AM

गुजरात को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 125 रन जोड़कर चेन्नई के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में रखा। गिल ने 37 गेंदों पर 64 रन बनाए, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे।

इसके बाद सुदर्शन ने जोस बटलर के साथ तेजी से रन बटोरे। सुदर्शन ने 53 गेंदों पर 84 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने सात चौके और चार छक्के लगाए। बटलर ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों पर नाबाद 57 रन ठोके। गुजरात ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन जोड़ते हुए चेन्नई के सामने 230 रन का मुश्किल लक्ष्य रख दिया।

चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहली ही गेंद पर संजू सैमसन का विकेट गंवा दिया। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और मैथ्यू शॉर्ट ने थोड़ी कोशिश की, लेकिन बड़ा स्कोर सामने होने का दबाव साफ दिखा। गायकवाड़ 16 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शॉर्ट ने 24 रन की पारी खेली।

WhatsApp Image 2026-05-22 at 7.39.30 AM

63 रन तक चेन्नई के पांच बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद शिवम दुबे ने कुछ देर मुकाबला संभालने की कोशिश की। दुबे ने सिर्फ 17 गेंदों में 47 रन बनाए और चार चौके व चार छक्के लगाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला।

गुजरात की ओर से मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और राशिद खान ने तीन-तीन विकेट झटके। उनकी धारदार गेंदबाजी के सामने चेन्नई की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। अंक तालिका में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 18 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। गुजरात भी 18 अंक लेकर दूसरे नंबर पर है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद तीसरे स्थान पर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button