Lucknow Traffic Diversion : आशियाना क्षेत्र में कई रास्तों पर रोक, घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक रूट
रूट डायवर्जन के चलते दोपहर बाद तक बदला रहेगा यातायात, एयरपोर्ट से लेकर बंगला बाजार और पावर हाउस चौराहे तक लागू रहेंगी पाबंदियां, इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी छूट

लखनऊ, 30 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में आज भाजपा कार्यसमिति की बैठक के चलते आशियाना इलाके में यातायात व्यवस्था बदली गई है। डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में आयोजित इस बैठक को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख रास्तों पर रूट डायवर्जन लागू किया है। इसके चलते दोपहर बाद तक आम वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में घर से निकलने से पहले निर्धारित वैकल्पिक रास्तों की जानकारी जरूर कर लें जिससे जाम में फंसने से बच सकें।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक अमौसी एयरपोर्ट वीआईपी मोड़ से सामान्य यातायात एयरपोर्ट के अंदर नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहन अमौसी कमर्शियल मोड़ से बाएं मुड़कर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। पराग तिराहा टी-प्वाइंट से आने वाले वाहन अंबेडकर सभागार की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें पुरानी चुंगी तिराहे से होकर निकलना होगा। इसी तरह पावर हाउस चौराहे से अंबेडकर सभागार की ओर जाने वाले वाहनों को पिकेडली तिराहा अथवा पकरी पुल तिराहे का रास्ता अपनाना होगा।
स्मृति उपवन चौराहे से पावर हाउस चौराहे की ओर प्रतिबंध
स्मृति उपवन चौराहे से पावर हाउस चौराहे की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन खजाना मार्केट, पासी किला चौराहा या प्रियम प्लाजा चौराहे से होकर जा सकेंगे। ज्योतिबा फुले जोनल पार्क से अंबेडकर सभागार की ओर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।

चौराहे से बंगला बाजार की तरफ नहीं जा सकेंगे वाहन
बंगला बाजार चौराहे से बंगला बाजार की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें तेलीबाग चौराहा या बाराबिरवा चौराहे से निकलना होगा। उसरी तिराहे से बिजली पासी किला चौराहे की ओर जाने वाले वाहन बाएं मुड़कर रुचिखंड और प्रियम प्लाजा चौराहे से जा सकेंगे। वहीं, प्रियम प्लाजा चौराहे से बिजली पासी किला चौराहे की ओर जाने पर रोक रहेगी। ऐसे वाहन उसरी तिराहे या सरपोर्टगंज तिराहे का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इन रास्तों पर भी लागू है डायवर्जन
पिकेडली तिराहे से पावर हाउस चौराहे की ओर जाने वाले वाहन बाराबिरवा चौराहे या शहीद पथ मोड़ (कानपुर रोड) से निकलेंगे। बिजनौर अंडरपास चौराहे से बिजली पासी किला चौराहे की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यहां से वाहन शहीद पथ होकर जा सकेंगे। इसके अलावा शहीद ऐमू कलाणी चौराहा (स्प्रिंगडेल स्कूल चौराहा) और एलडीए सेक्टर-जी चौराहा से अंबेडकर सभागार की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। इन स्थानों से वाहनों को लोकबंधु अस्पताल चौराहे के रास्ते आगे बढ़ना होगा।
🚦 TRAFFIC DIVERSION ALERT | LUCKNOW
📞 Traffic Control Room: 9454405155
— LUCKNOW TRAFFIC POLICE (@lucknowtraffic) October 29, 2026
इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी छूट
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों को जरूरत के मुताबिक गुजरने की अनुमति दी जाएगी। किसी आपात स्थिति या यातायात संबंधी जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है। वाहन चालकों से अपील है कि वे प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।






