
लखनऊ, 31 अगस्त 2026:
यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ सियासी पारा चढ़ने लगा है। सपा मुखिया एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी के जिलाध्यक्षों के साथ बैठक के बाद भाजपा सरकार पर एक साथ कई मोर्चों पर हमला बोला। अखिलेश ने मतदाता सूची, एआई वीडियो, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, स्कूलों के बंद होने और चुनावी तैयारियों को लेकर सरकार को घेरा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सपा और उनके परिवार से जुड़े एआई वीडियो और मीम्स को लेकर भाजपा को खुली चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष को बदनाम करने के लिए एआई से वीडियो बनाकर प्रसारित किए जा रहे हैं। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ‘बच्चों के खेल’ न खेले, क्योंकि एआई के खेल में सपा पीछे नहीं है। उन्होंने कहा, ‘अब हम भी एआई से वीडियो बनवाएंगे तो बहुत बुरा लगेगा।’
अखिलेश ने मुख्यमंत्री पर बनाया गया एक एआई वीडियो भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्क्रीन पर दिखाया। उन्होंने इसे कई बार चलवाया, जिसमें कानून व्यवस्था समेत सरकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सवाल उठाए गए थे। अखिलेश ने कहा कि भाजपा को वीडियो पर पैसा खर्च करने की जरूरत नहीं है क्योंकि उन्हें ऐसे वीडियो मुफ्त में बनाकर भेजे जा रहे हैं।
मतदाता सूची को लेकर बड़े आरोप
सपा अध्यक्ष ने चुनाव से पहले मतदाता सूची में हेरफेर की आशंका जताते हुए कहा कि एसआईआर के बाद अब ‘एसएआर’ कराकर वोटों का समायोजन करने की कोशिश की जा सकती है। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सतर्क रहने की अपील की। अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव को प्रभावित करने के लिए दूसरे प्रदेशों से लोगों को यहां ला रही है। उन्होंने फार्म-6 के लिए वेबसाइट के काम न करने का मुद्दा भी उठाया।

1 सितंबर से बूथ तक पहुंचेगी सपा
अखिलेश ने कहा कि सपा एक सितंबर से व्यापक प्रचार अभियान शुरू करेगी। पार्टी का लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और पीडीए की सरकार बनाने के लिए जनता के बीच सकारात्मक संदेश लेकर जाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कथित अन्याय के खिलाफ सपा जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी।
अखिलेश ने भाजपा सरकार को प्रदेश की अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार बताते हुए बड़े पैमाने पर लूट का आरोप लगाया। उन्होंने युवाओं को रोजगार, किसानों को फसल का उचित मूल्य और महंगाई के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। स्कूल बंद किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस पर करीब 26 हजार बंद स्कूलों को लेकर पार्टी कार्यक्रम करेगी।
‘सरकार बनी तो एनकाउंटर की जांच’
सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में उनकी सरकार बनने पर पिछले कार्यकाल के दौरान हुए सभी एनकाउंटर की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे में गड्ढों और कथित डिजाइन गड़बड़ी का सवाल उठाते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग की। पीडब्ल्यूडी में भ्रष्टाचार और प्रयागराज कुंभ से अब तक एक लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने के दावे पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए।
RLD पर भी अखिलेश का तंज
अखिलेश ने राष्ट्रीय लोक दल को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि सीट बंटवारे में रालोद को 61 सीटें मिलेंगी और इससे कम मिलने पर उसका अपमान माना जाएगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब अखिलेश और जयंत चौधरी के बीच जुबानी तल्खी बढ़ी हुई है। जयंत ने हाल में पीडीए के जवाब में ‘एबीसीडी’ का जिक्र करते हुए अखिलेश पर अहंकार, भ्रष्टाचार, चोरी और धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे।






