Uttarakhand

जनता दर्शन : सड़क के गड्ढों को तत्काल भरा जाए, गढ़वाल आयुक्त ने ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं

पौड़ी के जिला सभागार में आयोजित कार्यक्रम में आनंद स्वरूप ने शिकायतों का समय से निस्तारण करने का दिया निर्देश, बोले- जनता को बार-बार चक्कर न लगाना पड़े, 28 शिकायतें आईं

योगेंद्र मलिक

पौड़ी गढ़वाल, 31 अगस्त 2026ः

उत्तराखंड में जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए आयोजित जनता दर्शन व जनता मिलन कार्यक्रमों का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता दर्शन में गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने शिकायतें सुनीं। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समय से और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रत्येक विभाग नियमित जनसुनवाई और प्रभावी फॉलोअप सुनिश्चित करे। जनता दर्शन में 28 शिकायतें आईं।

ग्रामीणों को टैंकर से पानी उपलब्ध कराया

ये भी पढ़ें:

बल्ली गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर आयुक्त ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को दो दिन के भीतर पाइप लाइन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। तब तक ग्रामीणों को टैंकर से पेयजल उपलब्ध कराने को कहा गया। भिताईं मल्ली की ग्राम प्रधान मंजू नेगी ने गांव के मार्ग में झाड़ियों के कारण आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए बुशकटर की मांग की। मौके पर ही बुशकटर उपलब्ध करा दिया गया। सतपुली-पैडुल मार्ग की सड़क कटिंग का मुआवजा 10 वर्ष से अधिक समय से लंबित होने पर आयुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता को मामले को प्राथमिकता से निस्तारित करने व संबंधित अमीन को भूमि संबंधी कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। वाहन सरेंडर करने के बाद भी बकाया राशि दर्शाए जाने की शिकायत पर एडीएम को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

pauri-janata-darshan-28-complaints-garhwal-commissioner-orders (2)

शहर की खराब विद्युत लाइटों को दुरुस्त किया जाए

तहसील मार्ग की खराब स्थिति और निराश्रित पशुओं की समस्या पर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को सड़क के गड्ढे भरवाने और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। शहर की खराब विद्युत लाइटों को दुरुस्त कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। ग्राम कठूड़ में घरों के आसपास भालू की आवाजाही की शिकायत पर एक सप्ताह के भीतर सोलर लाइट लगाने को कहा गया। सीली मल्ली में ग्राम प्रधान की पात्रता संबंधी शिकायत पर एडीपीआरओ को जांच रिपोर्ट देने व राज्य आंदोलनकारी सूची में नाम दर्ज न होने के मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कल्जीखाल के ग्राम रौड़ में सड़क कटिंग से मंदिर की दीवार में आई दरार के मामले में अगले सोमवार से पहले आवश्यक मरम्मत कराने को कहा गया।

pauri-janata-darshan-28-complaints-garhwal-commissioner-orders

पुरानी शिकायतों की प्रगति की समीक्षा की

जनता दर्शन में पूर्व जनता मिलन कार्यक्रमों में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। पौड़ी गांव में खुले घूम रहे पालतू सूअरों से फसलों को नुकसान की शिकायत पर नगर पालिका ने संबंधित पालकों को नोटिस जारी किए। नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन पालकों का कुल 5,000 रुपये का चालान किया गया। बड़कोट क्षेत्र में खिपलाधार से खैरालिंग मंदिर मार्ग के 4.25 किलोमीटर डामरीकरण के लिए 330.32 लाख रुपये की स्वीकृति का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। श्रीनगर के प्रगति विहार में पीपल के पेड़ और ई-लाइब्रेरी से जुड़े मामले में जांच के बाद अवैध अतिक्रमण हटाया गया और विद्यालय परिसर में ई-लाइब्रेरी निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ।

पाबौ के ताल क्षेत्र में हॉट मिक्स प्लांट की शिकायत पर संयुक्त निरीक्षण में प्लांट बंद मिला। अनुमति मिलने तक संचालन न करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायत का निस्तारण केवल कागजों में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए। निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फोन पर फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए गए। जनता दर्शन की सफलता शिकायतों की संख्या में नहीं, बल्कि उनके वास्तविक समाधान में है।

ये भी पढ़ें  देवभूमि के आरोग्य प्रहरियों को धामी का सलाम, AI Health Center से Specialist Cadre तक कई बड़े ऐलान

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button