
लखनऊ, 21 अगस्त 2026:
यूपी सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए नौ आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस बदलाव में मेरठ और झांसी के एसएसपी समेत सात जिलों के पुलिस कप्तान बदले गए हैं। तबादला सूची में सबसे ज्यादा चर्चा संभल के एसपी कृष्ण कुमार उर्फ केके बिश्नोई की है। करीब दो साल तक संभल की कमान संभालने के बाद अब उन्हें बिजनौर का नया एसपी बनाया गया है।
2018 बैच के आईपीएस अधिकारी केके बिश्नोई संभल में अपनी सख्त कार्यशैली को लेकर खासे चर्चा में रहे। नवंबर 2024 में शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान भड़की हिंसा के समय वह पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद थे और हालात संभालने के लिए पुलिस कार्रवाई का नेतृत्व किया था। अब बिजनौर में उनके सामने कानून-व्यवस्था की नई चुनौती होगी।
केके बिश्नोई की जगह विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल का नया एसपी बनाया गया है। वह इससे पहले बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। हाल ही में पीपीएस से आईपीएस संवर्ग में प्रमोशन पाने के बाद उन्हें पहली बार जिले की पुलिस की कमान सौंपी गई है।
इसी तरह हरदोई में एएसपी रहे मार्तण्ड प्रकाश सिंह को बलरामपुर का एसपी बनाया गया है। वह भी पीपीएस से आईपीएस संवर्ग में प्रमोट हुए हैं। यानी प्रमोशन के बाद दोनों अधिकारियों को सीधे जिले की कप्तानी मिली है।

बीबीजीटीएस मूर्ति मेरठ और विकास कुमार झांसी के एसएसपी
झांसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति को मेरठ का नया एसएसपी बनाया गया है। वहीं मेरठ के एसएसपी अविनाश पाण्डेय को हटाकर लखनऊ में डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। बलरामपुर के एसपी विकास कुमार को झांसी का नया एसएसपी बनाया गया है।
सुल्तानपुर-गोंडा में भी बदले कप्तान
गोंडा के एसपी विनीत जायसवाल को सुल्तानपुर का एसपी बनाया गया है, जबकि सुल्तानपुर की एसपी चारु निगम को लखनऊ में यूपी-112 की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं बिजनौर के एसपी अभिषेक अब गोंडा के नए पुलिस अधीक्षक होंगे। इस फेरबदल के साथ प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस नेतृत्व का चेहरा बदल गया है।






