Lucknow City

लाव-लश्कर के साथ भाजयुमो अध्यक्ष का शक्ति प्रदर्शन, तलवार-गदा लहराई, रोड शो से लगा जाम

खुली कार में 3 किमी का किया रोड शो, सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भीड़ से एक घंटे तक जाम में परेशान हुए वाहन चालक, पदभार ग्रहण करते ही 2027 में भाजपा की तीसरी सरकार का किया दावा

लखनऊ, 12 जुलाई 2026:

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा ने रविवार को राजधानी लखनऊ में भव्य शक्ति प्रदर्शन के बीच अपना पदभार ग्रहण किया। 1090 चौराहे से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक निकले उनके रोड शो ने राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन तो किया लेकिन सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भीड़ और दर्जनों वाहनों के काफिले के चलते यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई। करीब एक घंटे तक 1090 चौराहे और लोहिया पथ पर लंबा जाम लगा रहा। इससे सैकड़ों वाहन चालक परेशान रहे। ट्रैफिक पुलिस को जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी जबकि किसी तरह का ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू नहीं किया गया था।

रोहित मिश्रा दर्जनों गाड़ियों के काफिले के साथ खुली कार में हाथ जोड़कर समर्थकों का अभिवादन करते हुए 1090 चौराहे से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। उनके काफिले के पीछे लगभग एक किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। इससे पहले 1090 चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। क्रेन के जरिए उन्हें विशाल फूलमाला पहनाई गई। कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीराम की प्रतिमा, रामचरितमानस, गदा, तलवार और फरसा भी भेंट किया। इस दौरान रोहित मिश्रा ने तलवार और गदा लहराकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
bjym-up-president-rohit-mishra-mega-road-show-lucknow-traffic-jam (2)

भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें विशाल माला पहनाकर स्वागत किया। पूरे परिसर में भारत माता की जय और भाजपा जिंदाबाद के नारों से माहौल गूंजता रहा।

पदभार ग्रहण करने के बाद रोहित मिश्रा ने अपने संबोधन में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए कहा कि 2027 का समर सामने है। आज की गर्मी यह बता चुकी है कि अब केवल परिणाम की प्रतीक्षा है। युवाओं की ताकत के दम पर हमने तय कर लिया है कि 2027 में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।

गौरतलब है कि रोहित मिश्रा को 16 दिन पहले भाजयुमो का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। इससे पहले वह युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे हैं। प्रतापगढ़ निवासी रोहित मिश्रा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से लंबे समय तक जुड़े रहे। वह वर्ष 2016 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष चुने गए थे। 2017-18 में एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button