
देहरादून, 13 जुलाई 2026:
उत्तराखंड में कई अहम विकास परियोजनाओं को नई रफ्तार मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अलग-अलग विभागों की योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए करीब 99 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी है। सबसे बड़ी राशि राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण को गोल्डन कार्ड योजना के सुचारू संचालन और लंबित भुगतान के लिए दी गई है। इसके अलावा सड़क, पुल, बिजली, फायर स्टेशन, धार्मिक पर्यटन, शिक्षा और परिवहन से जुड़ी कई योजनाओं को भी हरी झंडी मिली है।
गोल्डन कार्ड योजना को मिला सबसे बड़ा सहारा
राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के गोल्डन कार्ड का संचालन बिना किसी रुकावट जारी रहे, इसके लिए राज्य बजट से 75 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस राशि का इस्तेमाल योजना से जुड़े लंबित भुगतान निपटाने और अस्पतालों को समय पर भुगतान करने में किया जाएगा। इससे आयुष्मान और गोल्डन कार्ड योजना के लाभार्थियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
रामनगर Driving Test Track होगा पूरी तरह ऑटोमेटेड
नैनीताल जिले के रामनगर में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के ऑटोमेशन के लिए 3.68 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस परियोजना के बाद ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित होगी। वहीं रुद्रप्रयाग कोषागार भवन की मरम्मत, रंगाई, टाइल्स, पैनलिंग और विद्युतीकरण के लिए 38.06 लाख रुपये भी स्वीकृत किए गए हैं।
देहरादून के धौरणखास स्थित पुलिस संचार प्रशिक्षण केंद्र में 150 केएलडी क्षमता का एसटीपी प्लांट और साइट डेवलपमेंट के लिए 2.73 करोड़ रुपये दिए गए हैं। हरिद्वार के बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में नए फायर स्टेशन की स्थापना के लिए 9.45 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
पूर्णागिरि यात्रा मार्ग और चम्पावत को कई सौगात
चम्पावत जिले में ककराली-टनकपुर से मां पूर्णागिरि धाम तक यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 5 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। पहली किस्त के रूप में 2 करोड़ रुपये जारी होंगे। इससे यात्रा मार्ग पर रात के समय श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा बेहतर होगी। चम्पावत के लटौली स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए ओपन जिम बनाने को 99.44 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। पहली किस्त में 59.66 लाख रुपये जारी होंगे।
लोहाघाट विधानसभा के डुंगरीफर्तयाल ग्राम पंचायत में शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 75 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। पहली किस्त के रूप में 45 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं मां पूर्णागिरि धाम के सेलागाड़ गांव में इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने के लिए 19.68 लाख रुपये की मंजूरी भी मिली है।
सड़क, पैदल मार्ग और बीटल्स स्ट्रीट परियोजना को मंजूरी
पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के लोहारगांव में आंतरिक संपर्क मार्ग बनाने के लिए 70.87 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। पहली किस्त में 42.52 लाख रुपये जारी होंगे। पौड़ी जिले के यमकेश्वर क्षेत्र में जानकी पुल से चौरासी कुटिया तक संपर्क मार्ग को बीटल्स स्ट्रीट के रूप में विकसित करने के लिए 85.74 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। इसके लिए पहली किस्त में 51.44 लाख रुपये जारी किए जाएंगे। इस परियोजना से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
धारचूला विधानसभा के उच्छैदी नंदा मंदिर से खोली बन तक पैदल मार्ग बनाने के लिए 81.43 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। पहली किस्त में 48.85 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
बिजली और धार्मिक सुविधाओं पर भी फोकस
बागेश्वर जिले के कपकोट विधानसभा क्षेत्र की सरयू वैली और शामा इलाके में बिजली सब स्टेशन बनाने के लिए 5 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। पहली किस्त में 2 करोड़ रुपये जारी होंगे। नैनीताल जिले के भीमताल विधानसभा क्षेत्र में ओखलकांडा ब्लॉक के कैडाकोट बुग स्थल और धारी के मौनीबाग आश्रम में एक-एक धर्मशाला बनाने के लिए 87.95 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पहली किस्त के तौर पर 52.77 लाख रुपये जारी होंगे।
ग्रामीण इलाकों में सड़क और पुल निर्माण को भी बढ़ावा
ग्रामीण निर्माण विभाग के तहत राज्य योजना, मुख्यमंत्री घोषणा और नाबार्ड योजनाओं के अंतर्गत कई सड़क और पुल परियोजनाओं के लिए पहली किस्त में 1.37 करोड़ रुपये से ज्यादा की मंजूरी दी गई है। चमोली जिले के नंदानगर ब्लॉक की गोखमल्ला ग्राम पंचायत में अनुसूचित जाति बस्ती बगड़ गधेरे पर पैदल पुलिया बनाने के लिए 47.03 लाख रुपये की पहली किस्त जारी होगी।
देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्ग के वाण से भराण गांव तक सड़क के पुनर्लेपन और सुधार के लिए 43.36 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर ब्लॉक की सीला ग्राम पंचायत में सतेड़ (खासन) नदी पर बनसारी गांव के पास 30 मीटर स्पान स्टील ट्रस पैदल पुल बनाने के लिए पहली किस्त के रूप में 47.21 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।






