Lucknow CityPoliticsUttar Pradesh

‘सपा का आतंकराज’ अभियान में राजभर का नया हमला, बोले- दलितों पर जुल्म का एक-एक जिला याद दिलाऊंगा

मंत्री एवं सुभासपा मुखिया ने एक्स पर पोस्ट कर सीतापुर की घटनाओं का किया जिक्र, अखिलेश यादव पर साधा निशाना, बोले- वोट न देने पर दलितों के घर जलाए गए, अब रोज खोलूंगा 'आतंकराज' की परतें

लखनऊ, 14 जुलाई 2026:

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के मुखिया ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी एवं उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ‘सपा का आतंकराज- पार्ट 1’ शीर्षक से पोस्ट साझा करते हुए राजभर ने दावा किया कि सपा सरकार के दौरान दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार की कई घटनाएं हुई थीं, जिन्हें वह अब एक-एक कर जनता के सामने रखेंगे।

राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि वह रोज एक जनपद की घटना याद दिलाएंगे। बुलंदशहर की घटना का जिक्र करने के बाद इस बार उन्होंने सीतापुर की घटनाओं को सामने रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2012 में विधानसभा चुनाव का जनादेश मिलने के तुरंत बाद ही सपा कार्यकर्ताओं का आतंक शुरू हो गया था। उनके अनुसार 8 मार्च 2012 को सीतापुर के रेवसा क्षेत्र के बिंबिया गांव में दलितों के 13 घर इसलिए जला दिए गए क्योंकि उन्होंने सपा को वोट नहीं दिया था।

राजभर ने यह भी आरोप लगाया कि 21 दिसंबर 2015 को सीतापुर के लहरपुर थाना क्षेत्र के पट्टी देहलिया गांव में प्रधानी चुनाव के दौरान सपा प्रत्याशी को वोट न देने पर दलित बस्ती के 35 घरों में आग लगा दी गई। उन्होंने दावा किया कि इस घटना में दो मासूम दलित बच्चों की जलकर मौत हो गई थी और परिवारों की गुहार के बावजूद किसी ने मदद नहीं की।

सुभासपा अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे घटनाक्रम आज भी अति पिछड़ों और दलित समाज को झकझोर देते हैं। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सपा सरकार के उस दौर को भूली नहीं है। राजभर ने चेतावनी दी कि वह आने वाले दिनों में प्रदेश के हर जिले से जुड़े ऐसे मामलों का उल्लेख करते हुए सपा के कथित आतंकराज का हिसाब मांगते रहेंगे।

READ MORE

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button