
योगेंद्र मलिक
देहरादून, 15 जुलाई 2026
उत्तराखंड से रवाना हुई सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा का बुधवार को गुजरात के वेरावल पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। श्रद्धालुओं के आगमन पर पूरे स्टेशन परिसर में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। गरबा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों और पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। विधायक राजकुमार पोरी ने यह यात्रा 13 जुलाई को पौड़ी से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
गुजरात के युवा एवं संस्कृति विभाग ने वेरावल स्टेशन पर पारंपरिक ढंग से स्वागत किया। इस दौरान गुजरात की लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए कलाकारों ने पारंपरिक गरबा नृत्य, रंग-बिरंगी वेशभूषा और लोक संगीत के बीच पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया, जिससे वातावरण भक्तिमय व उल्लासपूर्ण बन गया। श्रद्धालुओं ने गुजरात सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल श्रद्धालुओं का नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और धार्मिक आस्था का सम्मान है।

स्वाभिमान पर्व यात्रा में पौड़ी के 42 श्रद्धालु शामिल हैं। गढ़ कला सांस्कृतिक संस्थान पौड़ी के 20 सदस्यीय सांस्कृतिक दल के कलाकार भी इस यात्रा में गए हुए हैं। यात्रा का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। वेरावल पहुंचने के बाद श्रद्धालु विश्व प्रसिद्ध श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन-पूजन कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना करेंगे।






