Uttarakhand

SIR: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, देहरादून के 11.90 लाख वोटरों के नाम, 13 अगस्त तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, एएसडी वोटर, सर्विस वोटर और मतदान केंद्रों की दी लिस्ट, 15 सितंबर को जारी होगी अंतिम सूची

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 15 जुलाई 2026ः

उत्तराखंड में मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बाद देहरादून की प्रारंभिक मतदाता सूची (ड्राफ्ट रोल) का प्रकाशन कर दिया गया है। अब मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें ड्राफ्ट मतदाता सूची, एएसडी वोटर, सर्विस वोटर और मतदान केंद्रों की सूची उपलब्ध कराई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपील की कि सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति मिलने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय रहते सुधार किया जा सके। उन्होंने कहा कि ड्राफ्ट रोल के अनुसार जनपद देहरादून में कुल 11,90,805 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 9,369 सर्विस वोटर और 10,130 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिले में मतदान केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है। पहले जहां 1882 मतदान केंद्र थे, वहीं नए अनुमोदन के बाद अब इनकी संख्या बढ़कर 2045 हो गई है।

ये भी पढ़ें:

डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि जिले की सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूची, सर्विस वोटर सूची और अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है। इसके साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, संशोधन कराने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए 14 जुलाई से 13 अगस्त तक का समय निर्धारित किया गया है।
dehradun-draft-voter-list-released-dm-ashish-chauhan-claims-deadline-august (2)

लोग अपने नजदीकी मतदाता पंजीकरण अधिकारी, सहायक पंजीकरण अधिकारी अथवा बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और मोबाइल एप के जरिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। सभी दावे-आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से बूथ स्तर पर अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) नियुक्त करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अभियान में बीएलए-2 की भूमिका महत्वपूर्ण है। बैठक में बताया गया कि भाजपा को 35, कांग्रेस को 103 और सीपीआईएम को 1394 मतदान केंद्रों पर अभी बीएलए-2 नियुक्त करने हैं। वहीं, बसपा व आम आदमी पार्टी की ओर से अभी किसी भी बूथ पर बीएलए-2 की नियुक्ति नहीं की गई है।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, एडीएम केके मिश्रा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली, कांग्रेस पार्टी से डॉ. जसविन्दर सिंह, बीजेपी से महेश गुप्ता, बीएसपी से सत्यपाल, आप पार्टी के कमल राना, सीपीआईएम के रविन्द्र कुमार नौडियाल सहित राजनीतिक दलों के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  SIR : असली तस्वीर पर Election Commission की नजर, स्कूल से बूथ तक पहुंची टीम

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button