GST की डिप्टी कमिश्नर 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, फाइल निस्तारण के बदले मांगी थी रकम
वाराणसी में एक कंपनी के निदेशक की शिकायत पर विजिलेंस ने की कार्रवाई, चेतगंज में एक रेस्टोरेंट के पास रंगे हाथ पकड़ी गईं अधिकारी

लखनऊ/वाराणसी, 15 जुलाई 2026:
यूपी के वाराणसी में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जीएसटी (राज्य) सेक्टर-6 की उपायुक्त श्रीमती अंबिका को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने एक कंपनी की जीएसटी फाइल के निस्तारण के बदले रिश्वत की मांग की थी।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, लखरांव बजरडीहा, थाना भेलूपुर, वाराणसी निवासी अजय कुमार मौर्य ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, वाराणसी के निदेशक हैं। कंपनी के फरवरी 2023 के रिटर्न और जीएसटी (राज्य) के आकलन से संबंधित फाइल के निस्तारण के लिए उपायुक्त अंबिका द्वारा उनसे 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी।
रिश्वत की मांग से परेशान अजय कुमार मौर्य ने इसकी लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान, वाराणसी सेक्टर से की। शिकायत की जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। बुधवार को अजय कुमार मौर्य से 50 हजार रुपये की नकद रिश्वत लेते हुए जीएसटी (राज्य) सेक्टर-6, वाराणसी की उपायुक्त अंबिका को चेतगंज स्थित दादा रेस्टोरेंट के बगल से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी के खिलाफ थाना सतर्कता अधिष्ठान, वाराणसी सेक्टर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विजिलेंस अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। यदि कोई लोक सेवक सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर 9454401866 और 9454401222 पर शिकायत की जा सकती है।






