
लखनऊ, 17 जुलाई 2026:
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे (NE-6) पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने अहम जानकारी जारी की है। प्राधिकरण ने साफ किया है कि यह एक हाई स्पीड एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे है, इसलिए यहां दोपहिया और तिपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही हाल में शुरू किया गया FASTag Annual Pass इस एक्सप्रेसवे पर भी मान्य होगा।
High-Speed Expressway पर सिर्फ तय वाहनों को मिलेगी अनुमति
NHAI के मुताबिक कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे को तेज रफ्तार और सुरक्षित यात्रा के लिए तैयार किया गया है। इसी वजह से बाइक, स्कूटर, मोपेड, ई-स्कूटर और ऑटो रिक्शा समेत सभी दोपहिया और तिपहिया वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे एक्सप्रेसवे पर लगे ट्रैफिक संकेतों और नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
FASTag Annual Pass का मिलेगा फायदा
NHAI ने यह भी स्पष्ट किया है कि FASTag Annual Pass की सुविधा कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे (NE-6) सहित देश के सभी National Highways और National Expressways पर लागू है। यह सुविधा पात्र निजी गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए उपलब्ध है।

डिजिटल टोल सिस्टम अपनाने की अपील
प्राधिकरण का कहना है कि Annual Pass के इस्तेमाल से टोल प्लाजा पर भुगतान पहले की तुलना में ज्यादा आसान और तेज होगा। इससे वाहनों की कतार कम लगेगी, प्रतीक्षा समय घटेगा और यात्रियों का सफर अधिक सुविधाजनक बनेगा। NHAI ने सड़क उपयोगकर्ताओं से सुरक्षित यात्रा के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही डिजिटल टोल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए FASTag का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।






