Lucknow CityUttar Pradesh

मशरूम उत्पादन में UP बना देश में नंबर-1, 51 हजार मीट्रिक टन के साथ बनाया नया National Record

देश के कुल उत्पादन में 13% हिस्सेदारी, योगी सरकार की सब्सिडी और आधुनिक तकनीक से किसानों व महिलाओं के लिए खुल रहे स्वरोजगार के नए अवसर

लखनऊ, 2 अगस्त 2026:

यूपी ने बागवानी के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम करते हुए मशरूम उत्पादन में देश में पहला स्थान हासिल कर लिया है। राज्य ने वर्ष 2024-25 में 51 हजार मीट्रिक टन मशरूम का उत्पादन कर राष्ट्रीय स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। देश के कुल 4.27 लाख मीट्रिक टन मशरूम उत्पादन में अकेले उत्तर प्रदेश की लगभग 13 प्रतिशत हिस्सेदारी दर्ज की गई है। यह उपलब्धि किसानों की मेहनत, आधुनिक तकनीकों के बढ़ते उपयोग और राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों का परिणाम मानी जा रही है।

उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि योगी सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए वैल्यू एडेड फसलों को लगातार बढ़ावा दे रही है। इसी रणनीति का सकारात्मक परिणाम मशरूम उत्पादन के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों की उपज का संरक्षण, मूल्य संवर्धन और बेहतर विपणन सुनिश्चित करना है जिससे उन्हें अपनी उपज का अधिकतम लाभ मिल सके।

एमआईडीएच के तहत किसानों को मिल रहा अनुदान

ये भी पढ़ें:

राज्य सरकार मशरूम की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए एकीकृत बागवानी विकास मिशन (एमआईडीएच) के तहत 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध करा रही है। कम भूमि, कम लागत और केवल तीन से चार सप्ताह में तैयार होने वाली यह फसल किसानों के लिए कम समय में बेहतर आय का विकल्प बन रही है। वर्ष 2025-26 में मशरूम उत्पादन, कंपोस्ट मेकिंग और स्पान मेकिंग की करीब 30 इकाइयों को 40 प्रतिशत अनुदान पर स्वीकृति दी गई है।

छप्पर विधि आधारित मशरूम इकाइयों के लिए 50 प्रतिशत अनुदान

वहीं 200 वर्ग फुट की छप्पर विधि आधारित मशरूम इकाइयों के लिए 50 प्रतिशत, अधिकतम एक लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है। इसके तहत लगभग 80 इकाइयों की स्थापना की जा चुकी है। विभाग एक लाभार्थी को अधिकतम पांच इकाइयों तक अनुदान का लाभ भी दे रहा है।
up-ranks-first-in-mushroom-production-national-record-yogi-govt (2)

लखनऊ सहित कई जिलों में तेजी से लोकप्रिय हो रही मशरूम की खेती

मशरूम की खेती अब केवल किसानों की अतिरिक्त आय का माध्यम नहीं रह गई है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने के साथ महिलाओं के लिए स्वरोजगार और उद्यमिता का सशक्त विकल्प भी बन रही है। लखनऊ, प्रयागराज, सहारनपुर, मीरजापुर, जौनपुर, हरदोई, बस्ती, मेरठ, प्रतापगढ़, रायबरेली और सोनभद्र समेत कई जिलों में इसकी खेती तेजी से लोकप्रिय हो रही है।

उद्यान विभाग किसानों को वैज्ञानिक प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और आधुनिक उत्पादन तकनीकों से जोड़ रहा है। इसके साथ ही राष्ट्रीय बागवानी मिशन, उद्यान विकास योजना, पॉलीहाउस, संरक्षित खेती, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई, गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री, नर्सरी विकास, मधुमक्खी पालन और कटाई उपरांत प्रबंधन जैसी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के जरिए उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी बागवानी राज्य बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें  लखनऊ में भीषण हादसा : बिहार से दिल्ली जा रही बस में लगी आग, पांच यात्री जिंदा जले

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button