CrimeHardoi City

छोटी बहन पर डोरे डाल रहा था युवक…16 साल के भाई ने बनाया प्लान, दोस्तों संग ली मामा-भांजे की जान

कोल्ड ड्रिंक पार्टी के बहाने बुलाकर किया हमला, लाठी, पत्थर और तमंचे से की गई वारदात, पुलिस ने 2 बालिग और 3 नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया, हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद

हरदोई, 2 अगस्त 2026:

हरदोई के संडीला इलाके में दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक 14 साल की बहन से बातचीत से नाराज 16 वर्षीय किशोर ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर युवक की हत्या की साजिश रची। पार्टी के बहाने बुलाकर पहले लाठी और पत्थरों से हमला किया, फिर युवक में सांस चलती देख उसे तमंचे से गोली मार दी।बीच-बचाव करने पहुंचे उसके रिश्ते के भांजे की भी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

डबल मर्डर ने फैलाई थी सनसनी

30 जुलाई की सुबह जल जीवन मिशन की पानी की टंकी के पास दो युवकों के शव मिले थे। उनकी पहचान रैंसो गांव निवासी अरुण चौरसिया (26) और उसके रिश्ते के भांजे अभिषेक उर्फ बबलू (27) के रूप में हुई थी। अभिषेक मूल रूप से कछौना के गौहनिया गांव का रहने वाला था और फिलहाल लखनऊ के फैजुल्लागंज में रहकर पान की दुकान चलाता था।

ये भी पढ़ें:

पार्टी का बहाना, फिर लाठी और पत्थरों से हमला

पुलिस जांच में सामने आया कि अरुण का 14 वर्षीय किशोरी से संपर्क था। लड़की के भाई ने कई बार उसे दूर रहने को कहा, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद उसने अपने दोस्त प्रमोद और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बना ली। 29 जुलाई को अरुण और अभिषेक को कोल्ड ड्रिंक पार्टी के बहाने बुलाया गया। वहां पहले से बांस के डंडे, ईंट और पत्थर रखे गए थे। अरुण पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। अभिषेक जब उसे बचाने पहुंचा तो हमलावरों ने उसे भी पीट दिया। अरुण की सांस चलती देख किशोर ने तमंचे से गोली मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी भाई बोला, कई बार समझाया था

पूछताछ में किशोर ने पुलिस को बताया कि उसने कई बार अरुण को बहन से दूर रहने के लिए कहा था, लेकिन वह नहीं माना और उसे धौंस दिखाता था। इसी वजह से उसने हत्या की योजना बनाई। जांच में यह भी सामने आया कि वारदात से पहले आरोपी प्रमोद ने अभिषेक से ही पूछा था कि हत्या के बाद पुलिस से कैसे बचा जा सकता है। पुलिस के अनुसार अभिषेक ने मोबाइल बंद न करने और किसी दूसरे व्यक्ति के पास छोड़ने की सलाह दी थी, ताकि लोकेशन को लेकर पुलिस भ्रमित हो जाए। आरोपियों ने इसी तरीके को अपनाने की कोशिश भी की।

दो बालिग जेल भेजे, 3 नाबालिग हिरासत में

पुलिस ने इस मामले में दो बालिग और तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ा है। दोनों बालिग आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल तमंचा, दो बांस के डंडे, मृतकों के दो मोबाइल फोन, घटनास्थल पर छूटी चप्पलें और अन्य सबूत बरामद किए हैं।

ये भी पढ़ें  जन्मदिन विशेष: कॉमेडी से सीरियस रोल तक...हर किरदार में फिट बैठे रितेश, जानिए उनकी लव लाइफ और नेटवर्थ

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link