हरदोई न्यूज : फेसबुक पोस्ट पर फिर FIR, पूर्व सांसद, BJP जिलाध्यक्ष पर की गई अभद्र टिप्पणी
मोहित अग्रवाल के खिलाफ पहले भी दर्ज हो चुकी है शिकायत, इस बार फिर से पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल व जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन पर की गई टिप्पणी, पहले घसीटा गया था आबकारी मंत्री का नाम

हरदोई, 30 अक्टूबर 2026:
यूपी के हरदोई में वरिष्ठ भाजपा नेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में मोहित अग्रवाल के खिलाफ एक बार फिर मुकदमा दर्ज कराया गया है। ताजा मामले में भाजपा कार्यकर्ता गौरव शुक्ला की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने FIR दर्ज की है। आरोप है कि फेसबुक पर ‘मोहित राम अग्रवाल’ नाम के अकाउंट से पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल व भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन को लेकर अशोभनीय टिप्पणियां की गईं।
पहले भी दर्ज हुई थी शिकायत
इससे पहले 11 सितंबर 2026 को भी मोहित अग्रवाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर भाजपा नेताओं के बारे में कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने का मामला सामने आया था। उस समय अशरफटोला निवासी मुदित बाजपेयी ने शहर कोतवाली में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करवाई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि मोहित अग्रवाल फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भाजपा नेताओं के खिलाफ गलत व मनगढ़ंत पोस्ट डाल रहे हैं।
इस बार दो नेताओं पर टिप्पणी का आरोप
ताजा शिकायत में बोर्डिंग हाउस निवासी भाजपा कार्यकर्ता गौरव शुक्ला ने आरोप लगाया कि फेसबुक अकाउंट से नरेश अग्रवाल व जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया। शिकायतकर्ता ने पोस्ट को दोनों नेताओं की छवि खराब करने वाला बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट, जानबूझकर अपमान, आपराधिक मानहानि व झूठी सूचना से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस कर रही जांच
शहर कोतवाल संजय त्यागी के मुताबिक, मामला संज्ञान में है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। सोशल मीडिया अकाउंट से की गई पोस्ट व उससे जुड़े तथ्यों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल लगातार दूसरे महीने एक ही आरोपी द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी का मामला चर्चा में है। बता दें कि टिप्पणी में आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल का नाम भी जोड़ा गया था। पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल उनके पिता हैं।






