UP News : ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में कांग्रेस, प्रदेश में लामबंदी तेज
एक नवंबर की महारैली को सफल बनाने में जुटे कांग्रेस के नेता, हरदोई पहुंचे AICC ऑब्जर्वर दामोदर दास गुर्जर, नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बनाई रणनीति

लखनऊ/हरदोई, 24 अक्टूबर 2026:
कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ दिल्ली में एक नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली को सफल बनाने के लिए यूपी में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में AICC ऑब्जर्वर दामोदर दास गुर्जर शनिवार को हरदोई पहुंचे और जिला कार्यालय में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रैली की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में हरदोई से मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस नेता एवं प्रवक्ता अंशू अवस्थी, पूर्व एमएलसी हरीश बाजपेई, जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय और शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित सहित अन्य नेता मौजूद रहे। दामोदर दास गुर्जर ने कार्यकर्ताओं को महारैली की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और संगठन की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर अपनी लड़ाई जारी रखेगी। बैठक में राहुल गांधी की ओर से इस मुद्दे को उठाने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया। पार्टी नेताओं ने दिल्ली में होने वाली रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और जनपद से अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
अंशू अवस्थी के मुताबिक ‘वोट चोरी’ के खिलाफ यह अभियान लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की लड़ाई का हिस्सा है। पार्टी की नजर एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली महारैली पर है जिसके जरिए वह इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने की तैयारी में है।






