
हरदोई, 14 जुलाई 2026:
हरदोई जिले के पाली थाना क्षेत्र में Crypto Investment के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। Bombitex Exchange और Bmax Reality नाम की कंपनी से जुड़े पांच लोगों पर हजारों निवेशकों से करीब 50 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है। निवेशकों का कहना है कि कंपनी ने पहले बड़े मुनाफे का भरोसा दिलाकर लोगों से निवेश कराया, लेकिन बाद में पेमेंट बंद कर दी।
कई जिलों में सेमिनार कर जोड़े गए निवेशक
इस पूरे मामले में पाली क्षेत्र के महमूदपुर तेरा गांव में रहने वाले कमल प्रकाश कुशवाहा द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई है। उनके अनुसार Bombitex Exchange के नाम से हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर, लखनऊ समेत आसपास के कई जिलों में सेमिनार आयोजित किए गए। इनमें कंपनी से जुड़े लोग खुद को MD और डायरेक्टर बताकर लोगों को जोड़ते थे। शिकायत में जय प्रकाश मौर्य व उसकी पत्नी आशा देवी, देवेंद्र मौर्य, नीतिका मौर्य और दया शंकर मौर्य को नामजद किया गया है।
हर महीने 7.5 फीसदी Profit का दावा
आरोप है कि कंपनी ने दावा किया था कि निवेशकों का पैसा Crypto Currency और Forex Trading में लगाया जाएगा। इसके बदले हर महीने 7.5 फीसदी तक Profit मिलने की बात कही गई। यह भी बताया गया कि कंपनी भारत सरकार की FIU में रजिस्टर्ड है, इसलिए निवेश पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। इसी भरोसे में आकर बड़ी संख्या में लोगों ने पैसा लगाया।
Goa Tour और Plot का भी दिया गया लालच
एफआईआर के मुताबिक निवेश बढ़ाने के लिए अलग-अलग तरह के ऑफर भी दिए गए। आरोप है कि 1500 USDT यानी करीब 1.35 लाख रुपये निवेश करने वालों को Goa Tour देने का वादा किया गया। वहीं पांच लाख रुपये या उससे ज्यादा निवेश करने वालों को लखनऊ में Plot देने की बात कही गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इसके लिए उन्हें साइट विजिट भी कराई गई ताकि लोगों का भरोसा मजबूत हो सके।
जुलाई से बंद हो गई पेमेंट
कंपनी ने जून तक निवेशकों को भुगतान किया, लेकिन जुलाई से पेमेंट पूरी तरह बंद हो गई। जब निवेशकों ने पैसा वापस मांगा तो उन्हें अलग-अलग वजह बताकर टाल दिया गया। शिकायत के मुताबिक बाद में Azerop Coin और Bmax Reality नाम के नए प्लेटफॉर्म में निवेश करने का दबाव बनाया गया और कहा गया कि इससे पुराना नुकसान रिकवर हो जाएगा।
कानूनी कार्रवाई की बात पर धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जब उन्होंने कानूनी कार्रवाई की बात कही तो कंपनी के MD जय प्रकाश मौर्य ने उल्टा फंसाने की धमकी दी। एफआईआर में दावा किया गया है कि उनसे कहा गया कि भारत में Crypto और Forex Trading को लेकर कानूनी सवाल उठाकर निवेशकों को ही मुश्किल में डाल दिया जाएगा, जबकि निवेश कंपनी के कहने पर ही कराया गया था।
गारंटी के नाम पर दिए गए थे चेक
एफआईआर में यह भी कहा गया है कि हरदोई के निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए 50 लाख रुपये समेत अलग-अलग रकम के कई चेक गारंटी के तौर पर दिए गए थे। शिकायतकर्ताओं ने कई निवेशकों के नाम और उनके निवेश की रकम का भी जिक्र किया है। उनका कहना है कि हजारों लोगों ने कंपनी में पैसा लगाया था।
दुबई भागने और संपत्ति जांच की मांग
आरोप लगाया गया है कि कंपनी का MD निवेशकों की रकम लेकर दुबई चला गया है और परिवार को भी वहीं शिफ्ट करने की तैयारी में था। शिकायतकर्ताओं ने उनकी चल और अचल संपत्तियों की जांच कराने, निवेशकों की रकम वापस दिलाने और पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।






