फेसबुक पर मिली महिला ने व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा…ट्रेडिंग के बहाने 13.80 लाख की ठगी
रिटायर्ड कर्मचारी को बनाया शिकार, 30 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर कई खातों में ट्रांसफर कराए पैसे, तीन आरोपियों पर केस दर्ज
हरदोई, 13 मार्च 2026:
ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर एक रिटायर्ड कर्मचारी से साइबर जालसाजों ने 13.80 लाख ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम शाखा ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली शहर क्षेत्र के मोहल्ला बहरा सौदागर निवासी उमेश चन्द्र पाठक ने बताया कि वह फेसबुक चला रहे थे। इसी दौरान उनकी पहचान अनन्या खण्डेलवाल नाम की एक महिला से हुई। चैटिंग के दौरान महिला ने उन्हें व्हाट्सएप पर संपर्क करने के लिए अपना नंबर दिया और स्पिरिट फायर कॉइन नाम की कंपनी में ट्रेडिंग कराने की बात कही।
महिला ने आगे बातचीत के लिए शान्तनू जाना नाम के व्यक्ति का नंबर दिया। पीड़ित ने जब उससे संपर्क किया तो उसने तीन दिन की ट्रेडिंग में रोज 30 प्रतिशत मुनाफा मिलने का दावा किया। इसके लिए उसने अलग-अलग खातों और यूपीआई आईडी पर पैसे भेजने को कहा।
पीड़ित के मुताबिक वह रिटायर्ड कर्मचारी हैं और आरोपियों के झांसे में आ गए। इसके बाद उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक और इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक के अपने खातों से आरटीजीएस और यूपीआई के माध्यम से आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए। कुल 13,80,680 रुपये अलग-अलग खातों में भेजे गए।
कुछ समय बाद जब रकम वापस नहीं मिली तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने 9 मार्च को राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अनन्या खण्डेलवाल, शान्तनू जाना और अरुण राय समेत अन्य अज्ञात खाताधारकों के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।






