Hardoi City

Hardoi News : शादी के नाम पर ठगने वाली लुटेरी दुल्हन के असली पति को पुलिस ने दबोचा, 5 साल से था फरार

Fake Marriage Case : तलाकशुदा साली बताकर कराया था विवाह, शादी के नाम पर रुपये व जेवर भी लिए, दो दिन में दुल्हन को विदा कराकर फोन बंद कर लिए

हरदोई, 26 अक्टूबर 2026:

यूपी के हरदोई में फर्जी शादी कराकर ठगी करने के मामले में पांच साल से फरार चल रहे आरोपी रमेश को लोनार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में धनंजय सिंह ने केस दर्ज कराया था कि रमेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी शादी अपनी पत्नी गुड़िया से कराई थी। शादी के नाम पर उससे 30 हजार रुपये नकद लिए गए, जबकि दुल्हन को सोने-चांदी के जेवर व कपड़े भी दिए गए थे।

शादी के लिए तलाशा रिश्ता, फिर शुरू हुआ खेल

बिलग्राम थाना क्षेत्र के परसोला गांव निवासी धनंजय सिंह ने 11 अगस्त 2021 को लोनार कोतवाली में केस दर्ज कराया था। उसने पुलिस को बताया कि लोनार क्षेत्र के डभेलिया गांव निवासी रमेश सिंह ने उससे संपर्क कर अपनी तलाकशुदा साली से शादी कराने की बात कही थी। रमेश ने शादी के लिए रुपये, कपड़े व जेवर की व्यवस्था करने को कहा था।

धनंजय के मुताबिक, वह रमेश के घर डभेलिया पहुंचा, जहां दूसरे आरोपियों की मौजूदगी में शादी की शुरुआती रस्में पूरी की गईं। इस दौरान उसने रमेश को 30 हजार रुपये दिए। इसके बाद 25 अगस्त 2021 को शादी की तारीख तय हुई।

ये भी पढ़ें:

मंदिर में हुई शादी, आरोपियों ने निभाई अलग-अलग भूमिका

धनंजय की शिकायत के मुताबिक, 25 अगस्त 2021 को हरदोई के बाबा मंदिर में शादी की रस्में पूरी कराई गईं। इस दौरान श्याम भैया सिंह ने लड़की का पिता बनकर कन्यादान किया। रमेश ने खुद को लड़की का जीजा बताया, जबकि रविंद्र सिंह ने भी शादी में शामिल होकर आशीर्वाद दिया। शादी की फोटोग्राफी भी कराई गई थी। धनंजय ने बताया कि शादी के दौरान उसने दुल्हन को सोने के कुंडल, नाक की नथ, सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल, बिछिया सहित कपड़े दिए थे। शादी के बाद गुड़िया उसके साथ परसोला गांव चली गई, जहां वह दो दिन तक पत्नी की तरह रही।

Advertisement

चौथी की रस्म के बहाने ले गए दुल्हन, फिर बंद हो गए फोन

शिकायत के अनुसार, 27 अगस्त 2021 को रमेश सहित अन्य आरोपी चौथी की रस्म के नाम पर गुड़िया को विदा कराने धनंजय के घर पहुंचे। गुड़िया अपने साथ शादी में मिले जेवर व कपड़े लेकर उनके साथ चली गई। आरोपियों ने धनंजय से दो दिन बाद उसे वापस ले जाने के लिए आने को कहा। इसके बाद आरोपियों के मोबाइल फोन बंद हो गए। बाद में डभेलिया निवासी रंजीत सिंह से उसे पता चला कि गुड़िया पहले से रमेश की पत्नी थी। इसके बाद उसने आरोप लगाया कि रमेश व उसके साथियों ने साजिश के तहत फर्जी शादी कराकर नकदी व जेवर की ठगी की है।

पांच आरोपियों की पहले हो चुकी थी गिरफ्तारी

इस मामले में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि रमेश फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से एक हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लोनार थाना प्रभारी सुनील मिश्रा के मुताबिक, पुलिस टीम ने रविवार को रमेश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद सोमवार को उसे जेल भेज दिया गया।

ये भी पढ़ें  Hardoi News : हॉस्पिटल जा रहा था परिवार, हादसे ने छीन लीं तीन जिंदगियां, मां-बेटे व दामाद की मौत

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link