68500 शिक्षक भर्ती : लखनऊ में 56वें दिन आंदोलन तेज, अभ्यर्थियों ने शुरू की भूख हड़ताल
दीपावली से पहले भर्ती शेड्यूल जारी करने की मांग, बेसिक शिक्षा मंत्री के आवास पर सुंदरकांड पाठ के दौरान पुलिस ने अभ्यर्थियों को बसों में बैठाकर ईको गार्डन भेजा, बोले- नियुक्ति मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन

लखनऊ, 26 अक्टूबर 2026:
यूपी में 68500 सहायक अध्यापक भर्ती में आरक्षण की गड़बड़ी का मुद्दा लगातार गरमा रहा है। नियुक्ति की मांग को लेकर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों का लखनऊ के ईको गार्डन में आंदोलन सोमवार को 56वें दिन भी जारी रहा। सरकार की ओर से भर्ती का आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं किए जाने से नाराज अभ्यर्थियों ने अब भूख हड़ताल भी शुरू कर दी है। आंदोलनकारियों ने साफ कहा है कि नियुक्ति मिलने तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
सुंदरकांड पाठ के दौरान पुलिस कार्रवाई का आरोप
अभ्यर्थियों के मुताबिक वाल्मीकि जयंती पर सोमवार को वे बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पर शांतिपूर्ण ढंग से सुंदरकांड पाठ करने के लिए एकत्र हुए थे। इस दौरान पुलिस प्रशासन पहले से मौके पर मौजूद था। अभ्यर्थियों का आरोप है कि पाठ के बीच में ही पुलिस ने उन्हें जबरन बसों में बैठाना शुरू कर दिया। धक्का-मुक्की के दौरान राम दरबार की प्रतिमा का शीशा भी टूट गया। इसके बाद सभी अभ्यर्थियों को बसों से ईको गार्डन भेज दिया गया, जहां उनका धरना जारी है।
23 हजार पद खाली होने का दावा
आंदोलनकारियों का कहना है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश के बावजूद सरकार भर्ती को लेकर निर्णय नहीं ले रही है। अभ्यर्थियों के अनुसार आरक्षित वर्ग के करीब 23 हजार पद खाली हैं जिनमें लगभग 9 हजार पद अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के हैं। उनका आरोप है कि पर्याप्त पद खाली होने के बावजूद पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति से वंचित रखा जा रहा है।

संशोधित परिणाम और भर्ती शेड्यूल की मांग
अभ्यर्थियों की मांग है कि पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश के अनुसार 150 अंकों में 40 प्रतिशत यानी 60 अंक के आधार पर संशोधित परिणाम जारी किया जाए। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए भर्ती का आधिकारिक शेड्यूल घोषित किया जाए। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी होने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।
दीपावली से पहले फैसला नहीं तो आंदोलन जारी
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आशुतोष वर्मा और तूफान सिंह ने कहा कि अभ्यर्थी नवरात्रि और दशहरा ईको गार्डन में बिता चुके हैं। यदि दीपावली से पहले भर्ती का शेड्यूल जारी नहीं हुआ तो वे यह पर्व भी यहीं मनाएंगे। धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने बताया कि भूख हड़ताल के पहले दिन चित्रकूट के दीपक पटेल और बरेली के नसीम फरीदी अनशन पर बैठे हैं।

अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री, बेसिक शिक्षा मंत्री और मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों से कल प्रस्तावित कैबिनेट बैठक में 68500 शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाने और भर्ती शेड्यूल जारी कराने का अनुरोध किया है। आंदोलनकारियों ने दोहराया कि आधिकारिक शेड्यूल जारी होने तक उनका धरना और भूख हड़ताल जारी रहेगी।






