Lucknow News : चबूतरे के विवाद में खूनी खेल, रिटायर्ड सचिवालय कर्मी और बेटे समेत 3 की हत्या
सआदतगंज क्षेत्र में बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरा बनवाने को लेकर पड़ोसी से हुआ विवाद, ऋषभ शुक्ला पर ताबड़तोड़ फायरिंग का आरोप, हिरासत में लिया गया अभियुक्त
लखनऊ, 26 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में सोमवार को चबूतरा बनवाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शहर के सआदतगंज क्षेत्र के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई। मृतकों में रिटायर्ड सचिवालय कर्मी शिवाजी तिवारी (62), उनके बेटे सुयश तिवारी (30) और भाई शिवेंद्र तिवारी (55) शामिल हैं। वहीं, गोली लगने से घायल शंभू की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी ऋषभ शुक्ला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरा बनवाने पर बढ़ा विवाद
शुरुआती जानकारी के मुताबिक शिवाजी तिवारी अपने घर के पास बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरा बनवाना चाहते थे। सामने रहने वाला शुक्ला परिवार इसका विरोध कर रहा था। इस मुद्दे को लेकर दोनों परिवारों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पहले भी इस मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची थी। उस समय मामला शांत हो गया था लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।
सोमवार को चबूतरा बनवाने की कोशिश के दौरान दोनों पक्षों में फिर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान ऋषभ शुक्ला ने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से शिवाजी तिवारी और उनके भाई शिवेंद्र तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। शिवाजी के बेटे सुयश के सिर में गोली लगी, जबकि शंभू के सीने में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
युवक ने ट्रॉमा सेंटर में सुयश ने तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां सुयश तिवारी ने भी दम तोड़ दिया। शंभू का उपचार जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
डीसीपी वेस्ट जितेंद्र के मुताबिक चबूतरा बनवाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वारदात के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

अगले महीने होनी थी सुयश की शादी
इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। शिवाजी तिवारी के बेटे सुयश की अगले महीने शादी होने वाली थी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं लेकिन परिवार के तीन लोगों की मौत से खुशियों वाले घर में चीख-पुकार मच गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।






