Hardoi News : डीएम ऑफिस का बाबू बताकर युवक को ऐसे ठगा, लखनऊ में मिला जालसाज
युवक ने पिता के नाम दर्ज राइफल के लाइसेंस की विरासत के लिए डीएम को दिया था प्रार्थना पत्र, उसी के बाद जालसाज ने आवेदन स्वीकृत बताकर मांगी रकम, खुद को बताया ऑफिस का बाबू, पुलिस ने तीन दिन में खोज निकाला जालसाज

हरदोई, 10 अक्टूबर 2026:
यूपी के हरदोई में राइफल के लाइसेंस में विरासत बदलने के नाम पर एप्लिकेशन देने वाले से 10 हजार की ठगी कर ली गई। फोन करने वाले ने खुद को डीएम आफिस का बाबू बताया। फर्जीवाड़ा खुलने पर साइबर थाने में केस दर्ज किया गया। छानबीन में जालसाज युवक लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया गया।
आवेदन स्वीकृत होने के नाम पर मांगे दस हजार
मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के असिगांव निवासी वीरेंद्र सिंह से जुड़ा है। उनके बेटे शानू सिंह ने पिता के नाम दर्ज लाइसेंसी राइफल की विरासत बदलने का प्रार्थना पत्र डीएम को दिया था। डीएम आफिस के असलहा दफ्तर में एप्लिकेशन आ गई थी। इसी बीच छह अक्टूबर को उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को डीएम कार्यालय का बाबू बताया, साथ ही आवेदन स्वीकृत होने की बात कहकर तत्काल 10 हजार रुपये भेजने को कहा।
जनसेवा केंद्र से बताए गए नंबर पर ट्रांसफर की रकम
शानू ने भरोसा करके पड़ोस में जनसेवा केंद्र संचालित करने वाले अनुराग शर्मा के माध्यम से बताए गए नंबर पर 10 हजार रुपये ट्रांसफर करा दिए। रकम भेजने के बाद उसने उसी नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद असलहा कार्यालय में जानकारी करने पर आवेदन स्वीकृत होने की कोई सूचना नहीं मिली और न ही ये पता चला कि किसने उसको फोन किया था। शानू के पास डिजिटल एविडेंस के नाम पर सिर मोबाइल नंबर था।
एसपी से शिकायत के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
ठगी का एहसास होने पर शानू ने एसपी से शिकायत कर रकम वापस दिलाने की मांग की। मामले में साइबर क्राइम थाने में 8 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर अपनी जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान लखनऊ के बख्शी का तालाब क्षेत्र के भैंसामऊ निवासी अनूप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आज उसे जेल भेज दिया। पुलिस ये भी पता कर रही है कि जालसाज को दी गई एप्लिकेशन की भनक कहां से लगी।






