
हरदोई, 28 सितंबर 2026:
यूपी के हरदोई में लखनऊ के सराफा कारोबारी से हाईवे पर करीब पांच किलो चांदी लूट ली गई। रविवार देर रात शाहजहांपुर से लखनऊ लौट रहे कारोबारी की वैगन-आर कार को स्विफ्ट डिजायर सवार चार बदमाशों ने निर्माणाधीन लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर बजरी प्लांट के पास रोक लिया। बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर पीछे रखा चांदी से भरा बैग निकाल लिया। विरोध करने पर कारोबारी से मारपीट की गई और उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर बदमाश फरार हो गए।
शाहजहांपुर से लखनऊ लौट रहा था कारोबारी
लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र की अहमदगंज प्रेम विहार कॉलोनी निवासी हृदयराम सोनी सराफा के थोक कारोबारी हैं। वह आसपास के जिलों में चांदी के आभूषणों की सप्लाई करते हैं। रविवार रात वह चालक करन कश्यप के साथ कार से शाहजहांपुर से लखनऊ लौट रहे थे।
ओवरटेक के बाद बजरी पर चढ़ी कार
निर्माणाधीन लखनऊ-पलिया हाईवे पर शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास पीछे से आई सफेद रंग की बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर ने कारोबारी की कार को तेज रफ्तार में ओवरटेक करते हुए टक्कर मारने की कोशिश की। इससे बचने के दौरान उनकी वैगन-आर सड़क किनारे पड़ी बजरी पर चढ़ गई और रुक गई।
अवगत कराना है कि आज दिनांक 27.09.2026 को सूचना प्राप्त हुई कि हृदयराम सोनी शाहजहांपुर से लखनऊ अपनी वैगनर कर से ड्राइवर के साथ जा रहे थे । जहां थाना शाहाबाद क्षेत्रान्तर्गत बजरी प्लांट के पास एक स्विफ्ट कार सवार 04 युवकों द्वारा ओवरटेक कर रोक लिया गया व हृदय राम सोनी की कार का… pic.twitter.com/fKPS39tBw2
— Hardoi Police (@hardoipolice) September 27, 2026
शीशा तोड़कर चांदी से भरा बैग निकाला
कार रुकते ही स्विफ्ट डिजायर से चार लोग उतरे। बदमाशों ने कारोबारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद कार का शीशा तोड़कर पीछे रखा बैग निकाल लिया। कारोबारी के अनुसार बैग में करीब पांच किलो चांदी थी। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें पीटा। भागते समय उनकी आंखों में मिर्च पाउडर भी फेंका।
राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना
मारपीट में कारोबारी के सिर में चोट आई है। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस के साथ सीओ संतोष सिंह और एएसपी अखिलेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसपी ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा भी मौके पर पहुंचे और कारोबारी से घटना की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक कारोबारी की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटना के बाद आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट किया गया है।
CCTV फुटेज से बदमाशों की तलाश
लूट के खुलासे के लिए एएसपी के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। टीमें घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की फुटेज भी देखी जा रही है। पुलिस सफेद रंग की बिना नंबर वाली स्विफ्ट डिजायर की पहचान करने के साथ उसमें सवार चारों बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
आसपास के जिलों में भी निगरानी
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के जिलों को भी जानकारी दी है। हाईवे पर वाहनों की चेकिंग कर संदिग्ध कारों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात से जुड़े साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।






