Hardoi City

हरदोई न्यूज : कफ सिरप पीने के बाद सोई 4 साल की बच्ची, सुबह मां जगाने पहुंची तो ले चुकी थी अंतिम सांस

नामकरण संस्कार में परिवार के साथ गई थी मासूम, कमरे में रखी दादी की कफ सिरप पीने के बाद सो गई थी मासूम, डॉक्टर ने ओवरडोज को मौत की संभावित वजह बताया

हरदोई, 5 नवंबर 2026:

यूपी के हरदोई में कफ सिरप पीने के बाद सोई चार साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची परिवार के साथ अपने फुफेरे भाई के नामकरण संस्कार में शामिल होने पेराड़ी गांव गई थी। बुधवार शाम उसने कमरे में रखी दादी की कफ सिरप पी ली। इसके बाद वह सोने चली गई। गुरुवार सुबह काफी देर तक नहीं जागी तो मां उसे उठाने पहुंची। कोई हरकत नहीं होने पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिवार के साथ रिश्तेदार के घर आया था पिता

मामला हरदोई जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर सांडी थाना क्षेत्र के पेराड़ी गांव का है। मृत बच्ची की पहचान टड़ियावां थाना क्षेत्र के हर्रई गांव निवासी सद्दाम की बेटी अलकाफिया के रूप में हुई है। सद्दाम पेशे से राजमिस्त्री हैं। परिवार में पत्नी रेहाना, चार साल की अलकाफिया, दो साल की छोटी बेटी, मां शबीना बेगम व भाई शादाब हैं। बुधवार को सभी लोग पेराड़ी गांव में रहने वाली सद्दाम की बहन साहेबा के बेटे के नामकरण संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे।

दादी से बंद करवाया खुला ढक्कन

शाम करीब 7:15 बजे अलकाफिया दूसरे बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान उसने कमरे में रखी कफ सिरप पी ली। बाद में बोतल का ढक्कन बंद नहीं कर पाने पर वह दादी के पास पहुंची। दादी ने ढक्कन बंद करके बोतल उसे वापस दे दी। इसके बाद बच्ची सोने चली गई। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे तक जब वह नहीं जागी तो परिजन उसे गांव के डॉक्टर के पास ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी गई। सुबह 11:45 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें:

डॉक्टर बोले – ओवरडोज हो सकती है मौत की वजह

मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी प्रभारी डॉ. अमित आनंद के मुताबिक, बच्ची ने कफ सिरप की तय मात्रा से ज्यादा दवा पी ली थी। ओवरडोज उसकी मौत की संभावित वजह हो सकती है। सीओ सिटी अजीत सिंह ने बताया कि परिजन आपसी सहमति से बिना पोस्टमार्टम कराए शव घर ले गए। परिवार की तरफ से शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी।

ये भी पढ़ें  महिला लेखपाल का SDM पर आरोप, बोलीं- चैंबर में कीं अश्लील बातें, विरोध पर सस्पेंशन की धमकी

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link