UP में पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर 17 तक ब्रेक, DGP का सख्त फरमान, त्योहारों पर चप्पे-चप्पे पर पहरा
दिवाली और छठ पर सुरक्षा को लेकर अलर्ट मोड में यूपी पुलिस, इमरजेंसी को छोड़ सामान्य परिस्थितियों में नहीं मिलेगी छुट्टी, बाजारों से संवेदनशील इलाकों तक तेज हुई गश्त और चेकिंग

लखनऊ, 5 नवंबर 2026:
दिवाली और छठ पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस को हाई अलर्ट पर कर दिया गया है। त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीजीपी राजीव कृष्ण ने पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर 17 नवंबर तक रोक लगा दी है। डीजीपी ने साफ निर्देश दिए हैं कि सामान्य परिस्थितियों में किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी को अवकाश नहीं दिया जाएगा। हालांकि, आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों की मंजूरी से छुट्टी मिल सकेगी।
डीजीपी ने सभी पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने और त्योहारों के दौरान पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में सभी एडीजी, पुलिस आयुक्त, आईजी और डीआईजी रेंज के साथ जिलों में तैनात एसएसपी और एसपी को आदेश जारी किए गए हैं। साफ है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दरअसल, त्योहारों की तैयारियों को लेकर कुछ दिन पहले ही डीजीपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी।
इसमें सुरक्षा इंतजामों के साथ यक्ष एप की कार्यवाही, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, थानों पर जनशिकायतों के समाधान, गांडीव पोर्टल के इस्तेमाल, गुमशुदा बच्चों की बरामदगी और जेडएफडी एवं आरटीसी की समीक्षा की गई थी।

त्योहारों को लेकर जिलों में पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। सभी थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।






