Lucknow City

17 सितंबर से UP में मोदीमय ‘सेवा संकल्प’, हर गांव में जलेगा आशीर्वाद का दीया, 20 यात्राएं और हजारों सेवा कार्यक्रम

योगी सरकार और भाजपा संगठन का मेगा प्लान, 20 यात्राएं बड़नगर-काशी के बीच भरेंगी हुंकार, ‘सेवा सेतु’ से वंचितों को योजनाओं का लाभ, युवाओं के लिए इनोवेशन चैलेंज

लखनऊ, 12 सितंबर 2026:

गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक जीवन की 25 वर्ष की यात्रा को उत्तर प्रदेश में बड़े जनअभियान के रूप में मनाया जाएगा। योगी सरकार और भाजपा संगठन मिलकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएंगे। शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना साझा की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन प्रदेश की हर ग्राम पंचायत, नगर निकाय और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। अस्पतालों में फल वितरण और रक्तदान शिविर होंगे। इनमें भाजपा व युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी भाग लेंगे।
योगी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के सामने न कोई वंश परंपरा थी और न कोई विरासत। उनके पास तप, साधना, संघर्ष और देश के लिए कुछ कर गुजरने की इच्छा थी। आज उनकी साधना का लाभ देश को सक्षम नेतृत्व के रूप में मिल रहा है।

बड़नगर से काशी तक 20 यात्राएं, रोज चार जगह चौपाल

ये भी पढ़ें:

अभियान में प्रधानमंत्री की बड़नगर से काशी तक की यात्रा को भी जोड़ा गया है। बड़नगर से काशी के लिए 10 और काशी से बड़नगर के लिए 10 यात्राएं निकलेंगी। बड़नगर का जल लेकर यात्राएं काशी पहुंचेंगी, जबकि उत्तर प्रदेश की 10 नदियों का पवित्र जल लेकर यात्राएं बड़नगर जाएंगी। 17 सितंबर से शुरू होने वाली सभी यात्राएं 7 अक्टूबर को अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी। यात्रा मार्ग में प्रतिदिन चार स्थानों पर चौपाल और जनसंवाद होंगे।

‘सेवा सेतु’ से घर-घर पहुंचेगी सरकारी योजना

अभियान का सबसे बड़ा फोकस उन पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना होगा जो अब तक लाभ से वंचित हैं। 29 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच हर विकासखंड और जिला मुख्यालय के नगर निकाय में छह से सात दिन तक ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाए जाएंगे।
up-seva-sankalp-abhiyan-pm-modi-birthday-cm-yogi-plan (2)

इन शिविरों में स्वास्थ्य योजनाओं के अलावा पेंशन, आवास, शौचालय, राशन कार्ड समेत विभिन्न योजनाओं के लिए पात्र लोगों का पंजीकरण होगा। योगी ने कहा कि कोशिश होगी कि पात्र व्यक्ति केवल आवेदन देकर वापस न लौटे, बल्कि शिविर में ही उसे संबंधित योजना से जोड़ दिया जाए। पंजीकरण के दो-तीन दिन में सत्यापन कर कार्ड या योजना का लाभ देने की व्यवस्था होगी। प्रदेश के 826 विकासखंड और 762 नगर निकायों में जरूरत के अनुसार अभियान दो चरणों में भी चलाया जा सकता है।

बच्चों से युवाओं तक प्रतियोगिताओं की धूम

अभियान में बच्चों और युवाओं को जोड़ने के लिए चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। कक्षा 5 से 8 तक चित्रकला, कक्षा 9 से 12 तक निबंध और विश्वविद्यालय-महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता होगी। थीम होगी ‘आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए आत्मनिर्भर और विकसित उत्तर प्रदेश’। गांव, विकासखंड और जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र तथा 7 अक्टूबर को प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में पुरस्कार दिए जाएंगे। योगी स्वयं विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे।

मलिन बस्ती से देवालय तक ‘सेवा मेरा योगदान’

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत मलिन बस्तियों, घाटों, देवालयों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता एवं सेवा कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, मतदाता जागरूकता, वोकल फॉर लोकल, गोसेवा और युवाओं की करियर काउंसलिंग भी अभियान का हिस्सा होगी।

स्टार्टअप और तकनीकी युवाओं के लिए इनोवेशन चैलेंज

आईटीआई, पॉलिटेक्निक, तकनीकी संस्थानों, विश्वविद्यालयों और स्टार्टअप को जोड़कर ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित होगा। योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में केवल 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 24 हजार से अधिक हो गई है। ड्रोन, रोबोटिक्स, स्पेस टेक्नोलॉजी, अटल टिंकरिंग लैब और इनक्यूबेटर सेंटर से जुड़े युवा भी इसमें शामिल होंगे। पंचायत व नगर निकाय प्रतिनिधियों के साथ ‘सुशासन सेवा संवाद’ भी प्रस्तावित है।

राजीव गांधी के 15 रुपये वाले बयान से कांग्रेस पर निशाना

योगी ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें दिल्ली से भेजे गए 100 रुपये में गरीब तक केवल 15 रुपये पहुंचने की बात कही गई थी। योगी ने कहा कि जनधन खातों और डीबीटी के बाद अब दिल्ली से भेजा गया 100 रुपये सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंचता है। सीएम ने कहा कि मोदी सरकार में भारत ‘फ्रेजाइल फाइव’ से निकलकर दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचा। हाईवे, एक्सप्रेसवे, रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट और वाटरवे के साथ वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनें नए भारत की पहचान बनी हैं।

‘2014 के बाद गुलामी की मानसिकता से बाहर निकला भारत’

योगी ने सोमनाथ मंदिर का उदाहरण देते हुए कांग्रेस पर विरासत के मुद्दे पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद भारत गुलामी की मानसिकता से बाहर निकला और काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तथा भव्य-दिव्य कुंभ जैसे आयोजनों के जरिए विरासत और विकास को साथ आगे बढ़ाया गया। योगी के मुताबिक केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं से देश में 26 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं, जिनमें छह करोड़ से अधिक उत्तर प्रदेश के हैं। प्रदेश में करीब 16 करोड़ गरीब विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं।

ये भी पढ़ें  LPG संकट पर अखिलेश का हमला, कहा... सरकार कमी स्वीकारे तो लोग खुद सहयोग करेंगे

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link