Uttarakhand

मोहब्बेवाला हादसा : NHAI व PWD के अधिकारियों पर मुकदमा, चार लोगों की गई थी जान

सड़क सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही बरतने के आरोप में की गई कार्रवाई, मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य थे शामिल, छह वर्षीय बच्चे को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया था

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 5 नवंबर 2026:

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला में हादसे में चार लोगों की जान जाने के बाद आखिरकार सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले विभागों पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने सड़क सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही बरतने के आरोप में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक बुधवार को आशारोड़ी से आईएसबीटी की ओर जा रही कार मोहब्बेवाला के पास ट्रेलर से टकरा गई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल थे। हादसे में छह वर्षीय बच्चे को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। इस घटना ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा इंतजामों और संबंधित विभागों की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें:

सड़क की खामियों को बताया हादसे की वजह

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि नवनिर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग 72ए पर पर्याप्त यातायात संकेतक, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए थे। सड़क किनारे बने गड्ढों के बारे में भी वाहन चालकों को आगाह करने के लिए कोई संकेतक नहीं थे। रात में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था का अभाव और मोहब्बेवाला के पास अचानक आने वाला मोड़ व ढलान दुर्घटना का खतरा बढ़ा रहे थे।

Advertisement

शिकायतों के बावजूद नहीं सुधरे इंतजाम

पुलिस शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमियों को लेकर पहले भी विभागों को शिकायतें दी गई थीं। इसके बावजूद आवश्यक सुधार नहीं किए गए। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया, लेकिन सूचना दिए जाने के बावजूद संबंधित दोनों विभागों का कोई अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा।

एसपी सिटी ने की मुकदमे की पुष्टि

एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि आईएसबीटी चौकी प्रभारी जयवीर सिंह की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली में एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी को सौंपी गई है। पुलिस अब हादसे के कारणों, सड़क की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल कर रही है। साथ ही पूर्व में मिलीं शिकायतों और उन पर विभागों की ओर से की गई कार्रवाई का भी ब्योरा जुटाया जाएगा।

ये भी पढ़ें  केंद्रीय मंत्री ने धान रोपा, प्राकृतिक खेती पर दिया जोर, छात्रों को बताई रिसर्च की ताकत

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link