Hardoi City

बंदरों के झुंड का आतंक…खेल रहे दो बच्चों को नोच डाला, ग्रामीणों ने बचाई जान

सवायजपुर क्षेत्र में घटना के बाद मची भगदड़, वन विभाग से की टीम भेजने की मांग, बाहर निकलने से कतरा रहे बच्चे

हरदोई, 2 फरवरी 2026:

सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित ग्राम निजामपुर सैदा व आसपास इलाके में बंदरों ने आतंक फैला रखा है। घर के बाहर खेल रहे दो मासूम बच्चों पर बंदरों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। हमले में दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह का 10 वर्षीय बेटा शौर्य और नीरज का 6 वर्षीय बेटा अनूप घर के बाहर चबूतरे पर खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक बंदरों का एक बड़ा झुंड वहां पहुंचा और बच्चों पर झपट पड़ा। बच्चों की चीख पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े।

ग्रामीणों ने लाठी डंडों की मदद से बंदरों को भगाकर बच्चों को उनके चंगुल से छुड़ाया। तब तक दोनों बच्चों के शरीर पर कई जगह गहरे जख्म हो चुके थे। इसके बाद उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें:

घटना के बाद से गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में बंदरों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है, लेकिन जिम्मेदार अफसर इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वन विभाग की टीम भेजकर बंदरों को पकड़ा जाए, ताकि आगे किसी और मासूम के साथ ऐसी घटना न हो। फिलहाल घटना के बाद से बच्चे बाहर निकलने से कतरा रहे हैं।

ये भी पढ़ें  अधिवक्ता पर हमले के विरोध में हड़ताल पर गए वकील...आरोपी के होटल के बाहर प्रदर्शन

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link