
हरदोई, 4 अक्टूबर 2026:
हरदोई पुलिस लाइन में तैनात 2019 बैच के सिपाही मनोज कुमार पर फर्जी और कूटरचित शैक्षिक दस्तावेजों के सहारे पुलिस में नौकरी हासिल करने का आरोप लगा है। जमीन विवाद के चलते चाचा की शिकायत के बाद मामला सामने आया। प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद एसपी अशोक कुमार मीणा ने सिपाही को निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
2007 में पास की थी हाईस्कूल की परीक्षा
पुलिस के मुताबिक मनोज कुमार मूल रूप से पीलीभीत का रहने वाला हैं। उन्होंने वर्ष 2007 में हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी। आरोप है कि उस समय उनकी उम्र पुलिस भर्ती की निर्धारित सीमा से बाहर हो रही थी।
जन्मतिथि बदलकर दोबारा परीक्षा देने का आरोप
आरोप है कि मनोज कुमार ने वर्ष 2013 में अपनी जन्मतिथि बदलकर दोबारा हाईस्कूल की परीक्षा दी। इसी बदली हुई जन्मतिथि वाले दस्तावेज के आधार पर उन्होंने वर्ष 2019 में उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी पद पर नौकरी हासिल की।
जमीन विवाद के बीच चाचा ने की शिकायत
मामला सिपाही के चाचा की शिकायत के बाद सामने आया। बताया गया है कि दोनों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। चाचा ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ में शिकायत कर मनोज कुमार पर शैक्षिक दस्तावेजों में हेरफेर कर नौकरी पाने का आरोप लगाया।
बोर्ड ने जांच के लिए शिकायत हरदोई भेजी
भर्ती बोर्ड को मिली शिकायत को जांच के लिए हरदोई के एसपी के पास भेजा गया। एसपी के निर्देश पर मामले की प्रारंभिक जांच कराई गई। पुलिस के अनुसार जांच में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
सस्पेंशन के बाद विभागीय जांच शुरू
प्रारंभिक जांच की रिपोर्ट के बाद मनोज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। अब विभागीय जांच में शैक्षिक दस्तावेजों, जन्मतिथि में बदलाव और भर्ती के दौरान इस्तेमाल किए गए रिकॉर्ड की पड़ताल की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।






