नितेश चन्द्र शुक्ला
हरदोई, 14 अप्रैल 2026:
हरदोई में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के मौके पर गांधी भवन में महासम्मेलन का आयोजन किया गया। एकीकृत पासी समाज उत्तर प्रदेश के आयोजन में केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने पासी समाज को एकजुट होने और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि समाज को अपने अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर लड़ नहीं सकते तो लिखें, लिख नहीं सकते तो बोलें और अगर कुछ भी नहीं कर सकते तो बेवजह आरोप लगाने से बचें। उन्होंने पासी समाज को संघर्षशील और वीर समाज बताते हुए महाराजा बिजली पासी, लाखन पासी, सातन पासी और सुहेलदेव जैसे महापुरुषों के योगदान को याद किया।

उन्होंने कहा कि जनसंख्या और वोट प्रतिशत मजबूत होने के बावजूद संगठन की कमी के कारण समाज को उसका हक नहीं मिल पाया है। सपा मुखिया अखिलेश यादव पर उन्होंने कहा कि 2027 को लेकर जो सपने देखे जा रहे हैं, वो सिर्फ सपने ही रह जाएंगे और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को समाज का पूरा समर्थन मिलेगा।
उनके साथ भाजपा सांसद जयप्रकाश रावत, सांसद अशोक रावत, विधायक श्याम प्रकाश और भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन समेत कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






