हरदोई, 10 मई 2026:
शाहाबाद क्षेत्र में शादीशुदा महिला ने अपने पूर्व प्रेमी पर ब्लेड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि महिला ने युवक को आखिरी बार बात करने के बहाने खेत में बुलाया और गुस्से में उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। घायल युवक को पहले शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पूरा मामला पाली क्षेत्र के गुजदेई गांव से जुड़ा है। यहां रहने वाले 20 वर्षीय युवक का गांव की ही एक शादीशुदा महिला से पिछले कई सालों से प्रेम संबंध चल रहा था। महिला चार बच्चों की मां है और रिश्ते में युवक की भाभी लगती है। इसी बीच युवक की 6 मई को दूसरी जगह शादी हो गई। शादी के बाद महिला उससे नाराज चल रही थी।

शनिवार को महिला ने युवक को फोन कर आखिरी बार मुलाकात कर लो कहकर मिलने के लिए बुलाया। शादी के बाद अपनी पूर्व प्रेमिका से मिलने निकले युवक ने एहतियात के तौर पर अपने नजदीकी दोस्तों को भी साथ ले लिया। दोनों कुरसैली गांव में खेत के पास मिले। वहां कुछ देर तक बातचीत हुई, लेकिन बात जल्द ही बहस में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान महिला ने ब्लेड निकालकर युवक पर हमला कर दिया। दोनों झगड़ा करते हुए सड़क तक आ गए। यहां भी हाथापाई शुरू हो गई।
हमले के बाद युवक दर्द से चीख पड़ा। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने किसी तरह उसे संभाला और तत्काल शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






