
लखनऊ/सुल्तानपुर, 4 अक्टूबर 2026:
यूपी के सुल्तानपुर जनपद में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे का गवाह बना। सेना के सूबेदार का शव लेकर जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में एंबुलेंस चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई। यह हादसा हलियापुर क्षेत्र में माइलस्टोन 79.6 के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक एंबुलेंस पंचकूला स्थित कमांड हॉस्पिटल, चंडीगढ़ से देवरिया के रुद्रपुर निवासी सूबेदार सत्यवान सिंह का शव लेकर जा रही थी। एंबुलेंस में सूबेदार के बेटे गौरव सिंह के अलावा परिवार के ही राजन सिंह, रामसमुझ और चालक जसपाल निवासी डेराबसी, अंबाला सवार थे।

बताया जा रहा है कि हलियापुर के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ एसडीएम और सीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जवान के शव को हलियापुर थाने में रखवाया है और हादसे की जांच की जा रही है। सबसे दुखद पहलू यह रहा कि जिस एंबुलेंस में पिता का शव ले जाया जा रहा था, उसी में बेटे गौरव सिंह की भी जान चली गई। इसकी जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।





