CrimePrayagraj

प्रयागराज Triple Murder : मूक-बधिर दंपति समेत मिलीं तीन लाशें, वारदात से पहले उड़ी दावत

शाहगंज में किराए के घर मे रहते थे मूक-बधिर दंपति के साथ कबाड़ का काम करने वाली महिला भी मिली मृत, कमरे से मीट, शराब की बोतलें, बिखरा सामान मिला, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

प्रयागराज, 4 अगस्त 2026:

प्रयागराज के शाहगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को किराए के एक कमरे से पति-पत्नी समेत तीन लोगों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। तीनों के शव एक ही बेड पर खून से लथपथ पड़े मिले। पता चला कि तीनों की धारदार हथियार से हत्या की गई। मृतकों में मूक-बधिर दंपती शामिल हैं, जबकि तीसरी उनके संपर्क में रहने वाली एक महिला बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से अहम सुराग जुटाए हैं और हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है।

कमरे का दरवाजा आधा खुला मिला

घटना गढ़ीकला (सरायकला) मोहल्ले की है। सुबह जब पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा आधा खुला देखा तो उन्हें शक हुआ। काफी देर तक अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। पड़ोसियों ने झांककर देखा तो तीनों खून से लथपथ पड़े थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शाहगंज पुलिस, फोरेंसिक टीम और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के बाद तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।

ये भी पढ़ें:

एक ही बेड पर मिले तीनों के शव, कमरे में फैला था खून

कमरे के अंदर एक ही बेड पर तीनों के शव पड़े थे। पुरुष का शव बेड के एक किनारे पर था, जबकि दोनों महिलाओं के शव दूसरी तरफ एक-दूसरे के ऊपर बेतरतीब हालत में मिले। तीनों के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान मिले हैं। कमरे में खून फैला हुआ था।

छह महीने पहले किराए पर रहने आए थे

मकान मालकिन सुशीला देवी ने बताया कि दंपति करीब छह महीने पहले पहली मंजिल पर बने कमरे में किराए पर रहने आए थे। दोनों बोल-सुन नहीं सकते थे और कबाड़ बीनकर गुजर-बसर करते थे। मोहल्ले के कारोबारी श्यामलाल को कबाड़ बेचते थे। मूक-बधिर होने की वजह से मोहल्ले के लोग उन्हें नाम से कम ही पहचानते थे।

सोमवार को आई थी एक महिला

मकान मालकिन के मुताबिक सोमवार को एक महिला उनसे मिलने आई थी। उसे पहले कभी नहीं देखा था। उन्होंने उसे रिश्तेदार समझकर कोई पूछताछ नहीं की। रात करीब 12 बजे वह अपने कमरे में सोने चली गईं। मंगलवार सुबह जब बाहर निकलीं तो किराएदारों के कमरे का दरवाजा खुला मिला। इसके बाद पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा तो तीनों की मौत हो चुकी थी।

तीसरी महिला भी कबाड़ का काम करती थी

स्थानीय लोगों के मुताबिक मृत महिला का दंपति के घर अक्सर आना-जाना था। वह भी कबाड़ का काम करती थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के समय वह वहां क्यों मौजूद थी और तीनों की मौत के पीछे क्या वजह रही।
prayagraj-news-deaf-mute-couple-killed-in-triple-murder-shahganj (2)

कमरे से मिले कई अहम सुराग, कई एंगल पर जांच

पुलिस को मौके से मीट, शराब की बोतलें, अस्त-व्यस्त कपड़े और बिखरा सामान भी मिला है। इन चीजों को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। फोरेंसिक टीम ने कमरे से सैंपल जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। मकान मालिक के बेटे समेत कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश, लूट, परिचितों की भूमिका समेत सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें  मोबाइल की लत बनी ''जान'' की दुशमन, बाप ने ली 14 साल के बेटे की जान

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link