बीच जंगल में हुई बहस तो पति ने कुल्डाड़ी से काट दी गर्दन, फिर पत्नी की साड़ी से खुद भी फांसी लगाकर दे दी जान

सोनभद्र, 8 मई 2025
उत्तरप्रदेश के सोनभद्र के सीतारखंड क्षेत्र के जंगल में बुधवार को एक हैरान कर देने वाला मामला हुआ है। यहां पर एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर के हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कालू सिंह ने बताया कि यहां रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के पलपल गांव निवासी राजेंद्र गुर्जर (38) अपनी पत्नी रीता (35) के साथ सीतारखंड के जंगल में चिरौंजी बीनने गए थे। वहां पर किसी कारण से पति-पत्नी दोनों के बीच तीखी बहस होने लगी जिसके बाद राजेंद्र ने गुस्से में आकर रीता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, इस हमले से उसकी पत्नी के गर्दन पर जानलेवा चोट लगी जिससे उसकी मौत हो गई। रीता की मौत के बाद राजेंद्र गुर्जर ने भी वहां अपनी पत्नी की साड़ी का इस्तेमाल करके पास के एक पेड़ से फांसी लगा ली।
एएसपी ने बताया कि घटना बुधवार दोपहर के आसपास हुई लेकिन स्थान दूर होने के कारण पुलिस को शाम करीब चार बजे सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।






