Lucknow CityUttar Pradesh

UP विधानसभा में विपक्ष पर गरजे सीएम योगी, बोले- सपा का आचरण असंवैधानिक और शर्मनाक

मुख्यमंत्री का आरोप- विपक्ष सदन की कार्यवाही बाधित कर 25 करोड़ प्रदेशवासियों के हितों से कर रहा खिलवाड़, सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार

लखनऊ, 4 अगस्त 2026:

यूपी विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सीएम योगी आदित्यनाथ ने सपा और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। सदन में विपक्ष के व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उन्होंने कहा कि सपा और विपक्षी सदस्यों का आचरण असंवैधानिक और पूरी तरह शर्मनाक भी है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष सदन की कार्यवाही को बाधित कर प्रदेश की 25 करोड़ जनता के हितों के साथ खिलवाड़ कर रहा है और प्रदेशवासी उनके इस रवैये को देख रहे हैं।

विपक्ष का रवैया लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के विपरीत

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून सत्र सभी विधायकों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर था जहां वे जनता से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा कर सकते थे। उनके अनुसार जिन लोगों का लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं में विश्वास नहीं है, वही संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करने वाली संस्थाओं का अपमान करते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष का वर्तमान रवैया लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के विपरीत है।

ये भी पढ़ें:

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि मानसून सत्र शुरू होने से पहले दलीय नेताओं की बैठक और बिजनेस एडवाइजरी कमेटी में सदन का पूरा एजेंडा तय किया गया था। इसके बावजूद विपक्ष ने न तो विधायी कार्यों में रुचि दिखाई और न ही अनुपूरक बजट से जुड़े किसी प्रस्ताव पर गंभीर चर्चा की। इसके उलट विपक्ष लगातार ऐसे मुद्दे उठाकर सदन का बहुमूल्य समय नष्ट करने का प्रयास कर रहा है, जिनका निर्धारित कार्यसूची से कोई संबंध नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन शुरू होने से पहले सत्ता पक्ष की ओर से उन्होंने स्वयं और संसदीय कार्य मंत्री ने विपक्ष को आश्वस्त किया था कि नियमों के तहत आने वाले हर प्रस्ताव पर चर्चा होगी और सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार रहेगी। इसके बावजूद विपक्ष ने चर्चा के बजाय हंगामे का रास्ता चुना जिससे स्पष्ट होता है कि उनका संवैधानिक मूल्यों और सदन की उच्च परंपराओं पर विश्वास नहीं है।

योगी आदित्यनाथ ने दोहराया कि उनकी सरकार सदन में हर विषय पर सार्थक चर्चा चाहती है। उन्होंने कहा कि पीठ द्वारा जिन भी मुद्दों को चर्चा के लिए स्वीकार किया जाएगा, सरकार उन सभी पर सकारात्मक और तथ्यात्मक जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष जानबूझकर सदन का माहौल खराब कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया की अवमानना कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता विपक्ष के इस अलोकतांत्रिक रवैये को देख रही है और समय आने पर उसका उचित मूल्यांकन भी करेगी।

ये भी पढ़ें  यूपी : मत्स्य क्षेत्र को 1407 करोड़ के निवेश से मिलेंगे नए पंख...खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link