Lucknow CityPoliticsUttar Pradesh

FCRA बिल पर मायावती का सत्ता-विपक्ष पर हमला, बोलीं- संसद में ‘राजनीतिक स्वार्थ’ की लड़ाई, जनता रहे सचेत

JPC को भेजे जाने पर बसपा सुप्रीमो ने साधा निशाना, विपक्ष पर संसद न चलने देने का आरोप, राममंदिर चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का मुद्दा न उठाने पर भी सवाल

लखनऊ, 13 अगस्त 2026:

संसद के मानसून सत्र में विदेशी अंशदान विनियमन संशोधन विधेयक, 2026 (FCRA Bill) को संयुक्त संसदीय समिति (JPC) को भेजे जाने के फैसले ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को कठघरे में खड़ा करते हुए आरोप लगाया कि संसद में जनहित से ज्यादा राजनीतिक स्वार्थ हावी है।

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने विस्तृत पोस्ट में कहा कि सरकार FCRA संशोधन बिल को बेहद महत्वपूर्ण बताकर अन्य विधेयकों की तरह इसे भी जल्द पारित कराना चाहती थी। लेकिन विपक्ष के जबरदस्त विरोध के चलते बिना प्रारंभिक चर्चा के ही विधेयक को जल्दबाजी में JPC के पास भेज दिया गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल इस बिल को सीधे तौर पर अल्पसंख्यक विरोधी बताते हुए वापस लेने की मांग कर रहे हैं, जबकि सरकार इसे विदेशी फंडिंग के कथित दुरुपयोग और भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए नियमों को और कठोर बनाने की पैरवी कर रही है। मायावती के मुताबिक पूरे घटनाक्रम से साफ है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने FCRA बिल का जरूरत से ज्यादा राजनीतिकरण कर दिया है।

ये भी पढ़ें:

बसपा प्रमुख ने विपक्ष के संसद न चलने देने के रवैये पर भी सवाल उठाया। उनका कहना है कि विपक्ष को विधेयक सदन में रखे जाने देना चाहिए था। उसकी कमियों को उजागर करना चाहिए था जिससे देश की जनता भी पूरे मामले को समझ पाती। उन्होंने आरोप लगाया कि हंगामे के कारण कई दूसरे विधेयक भी सरकार ने कुछ ही मिनटों में पारित करा लिए और विपक्ष उन्हें प्रभावी ढंग से रोक नहीं सका।

मायावती ने यहां तक कहा कि इससे विपक्ष की ‘आंतरिक मिलीभगत’ का संदेह पैदा होता है या फिर Gen Z के वोटों की राजनीति में वह अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को नजरअंदाज कर रहा है। उन्होंने विपक्ष को Gen Z की समस्याओं के साथ-साथ व्यापक जनहित के मुद्दों को भी प्राथमिकता देने की नसीहत दी।
fcra-bill-par-mayawati-ka-satta-vipaksh-par-hamla (1)

बसपा सुप्रीमो ने अयोध्या स्थित राममंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के आरोपों का मुद्दा संसद में उठाए जाने की जरूरत भी बताई। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने राजनीतिक स्वार्थ के चलते इस विषय को पीछे कर दिया जबकि इस पर संसद में चर्चा होनी चाहिए।

अंत में मायावती ने जनता से सत्ता और विपक्ष के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान से सचेत रहने की अपील करते हुए बसपा को ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति पर चलने वाली पार्टी बताया और देश व आमजनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने को समय की मांग करार दिया।

ये भी पढ़ें  Puch AI से 25 हजार करोड़ का एमओयू रद्द... मानक पर खरी नहीं उतरी कंपनी की हैसियत

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button