Uttarakhand

ट्रैकिंग का शौक पड़ा भारी, सांसें अटकीं, SDRF टीम ने ऐसे बचाई छह छात्रों की जान

देहरादून की स्वारना नदी का जलस्तर बढ़ने से यूपीईएस के छात्र फंसे, ऋषिकेश की बीन नदी में गाड़ी पलटने से दो लोगों की जान पर बन आई, टीमों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को बचाया

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 18 अगस्त 2026ः

उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच लोगों से बार-बार अलर्ट रहने की अपील की जा रही है। लोगों से कहा जा रहा है कि वे नदी के किनारे जाने से बचें। फिर भी लोग चेतावनी को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। देहरादून की स्वारना नदी के पास ट्रैकिंग का शौक छात्रों पर भारी पड़ गया। नदी का जलस्तर बढ़ने से यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज (UPES) के छह छात्र वहां फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित बचाया। वहीं, ऋषिकेश की बीन नदी में गाड़ी पलटने से दो लोग फंस गए। इन दोनों की भी टीम ने जान बचाई।

मानसून की तेज बारिश के बीच देहरादून के स्वारना नदी क्षेत्र में सोमवार शाम को ट्रैकिंग के लिए गए यूपीईएस के छह छात्र अचानक बढ़े जलस्तर के कारण फंस गए। नदी का बहाव तेज होने और वापसी का रास्ता बाधित होने से छात्रों की मुश्किल बढ़ गई। वे वहां से निकल नहीं पा रहे थे। छात्रों के फंसे होने की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ डाकपत्थर की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दुर्गम रास्ते पर करीब छह किलोमीटर पैदल ट्रैकिंग कर सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

उधर पुलिस को सोमवार रात सूचना मिली कि ऋषिकेश की बीन नदी में एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया है और उसमें दो लोग फंसे हुए हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। टीमों ने अंधेरे और उफनती नदी के बीच रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नदी का तेज बहाव लगातार चुनौती बढ़ा रहा था। जवानों ने जोखिम उठाते हुए वाहन तक पहुंच बनाई और कड़ी मशक्कत के बाद उसमें फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसी बीच तेज बहाव के कारण वाहन नदी में कुछ दूरी तक बह गया और दूसरा व्यक्ति अंदर ही फंसा रह गया।

बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान जोखिमपूर्ण हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की दूसरी टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची। दोनों टीमों ने रेस्क्यू अभियान आगे बढ़ाया। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने हार नहीं मानी और वाहन में फंसे दूसरे व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेज दिया गया।

ये भी पढ़ें  अलीगंज अग्निकांड : 15 मौतों वाली अवैध बिल्डिंग तोड़ने में खर्च 26 लाख उसके मालिकों से वसूलेगा LDA

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button