
प्रमोद कुमार
मलिहाबाद (लखनऊ), 9 सितंबर 2026:
यूपी में बच्चों और माताओं के बेहतर पोषण की मुहिम को गांव-गांव तक पहुंचाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के सम्मान में राजधानी लखनऊ की मलिहाबाद तहसील में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा विधायक जय देवी कौशल ने पोषण अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
विधायक ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां समाज की रीढ़ हैं। वे सरकार की योजनाओं और पोषण संबंधी जागरूकता को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों और कार्यकत्रियों से अभियान को और प्रभावी बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण जागरूकता को लगातार बढ़ाने के निर्देश दिए।
समारोह में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों को भी विशेष स्थान दिया गया। इस दौरान एक बच्चे का अन्नप्राशन कराया गया जबकि एक गर्भवती महिला की गोदभराई की रस्म भी संपन्न हुई। इसके अलावा चयनित दो आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मौजूद कार्यकत्रियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चल रहे पोषण अभियान से ग्रामीण इलाकों में जागरूकता बढ़ी है।

आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और दूध पिलाने वाली माताओं के पोषण स्तर में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। तहसीलदार कुमकुम मिश्रा और मलिहाबाद की सीडीपीओ ने भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह में तहसील के अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्र के लोग मौजूद थे।






