Uttarakhand

चारधाम यात्रा : इतने दिनों में 48 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, यमुनोत्री में बना नया रिकॉर्ड

पिछले वर्ष की तुलना में 5 लाख 22 हजार से अधिक रही संख्या, 125 दिनों में उमड़ी इतनी भीड़, मां यमुना के दर्शन के लिए 6.68 लाख लोग पहुंचे, 19 अप्रैल को गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ शुरू हुई थी यात्रा

देहरादून, 22 अगस्त 2026ः

उत्तराखंड में मानसून की कठिन चुनौतियों के बावजूद चारधाम यात्रा निर्बाध जारी है और हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है, जो एक नया रिकॉर्ड बना रही है। चारधाम यात्रा के 125 दिनों में ही दर्शनार्थियों की संख्या 48 लाख के पार पहुंच चुकी है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में 5 लाख 22 हजार अधिक है। वहीं, यमुनोत्री धाम की यात्रा ने भी नया रिकॉर्ड बनाया है। यहां पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 6 लाख 68 हजार से अधिक पहुंची है। इससे पहले वर्ष 2025 में 6 लाख 44 हजार 637 श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन करने पहुंचे थे।

सतर्कता और निगरानी के साथ संचालित हो रही यात्रा

मानसून सीजन को देखते हुए यात्रा को बेहद सतर्कता और निगरानी के साथ संचालित किया जा रहा है। यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जनपद में आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है। सीएम धामी के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। इसके लिए चारों धामों और यात्रा पड़ावों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। यात्रा बिना किसी बाधा के संचालित हो रही है, लेकिन मौसम खराब होने पर यात्रा को नियंत्रित भी किया जा रहा है। यात्रा से जुड़े सभी जनपदों के डीएम भी व्यवस्थाओं पर पूरी नजर बनाए हुए हैं। मौसम के मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने तीर्थयात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी भी जारी की है, लेकिन आस्था मौसम पर भी भारी पड़ रही है।

पिछले वर्ष 42 लाख 82 हजार 263 यात्री पहुंचे थे

इस वर्ष 19 अप्रैल को गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा का आगाज हुआ था। 21 अगस्त तक यानी 125 दिनों में 48 लाख 4 हजार 897 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं, जबकि बीते वर्ष 2025 में इसी अवधि में 42 लाख 82 हजार 263 यात्री चारधाम दर्शन को पहुंचे थे। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में 5 लाख 22 हजार 634 यात्री अधिक पहुंचे हैं। बद्रीनाथ में 16 लाख 54 हजार 263, केदारनाथ में 14 लाख 65 हजार 370, गंगोत्री में 7 लाख 47 हजार 671 और यमुनोत्री धाम में 6 लाख 68 हजार 163 यात्री दर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा हेमकुंट साहिब में 2 लाख 69 हजार 430 श्रद्धालु शीश नवा चुके हैं। भगवान बद्रीविशाल के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। बद्रीनाथ में पिछले वर्ष के मुकाबले 3 लाख 62 हजार 304 यात्री अधिक पहुंचे हैं।

यमुनोत्री धाम में प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं की संख्या

2025 में 6,44,637, 2024 में 5,15,067, 2023 में 5,60,918, 2022 में 6,21,538, 2021 में 33,311, 2020 में 7728, 2019 में 4,65,534, 2018 में 3,94,445, 2017 में 3,92,208, 2016 में 1,55,129, 2015 में 1,22,926, 2014 में 038,294, 2013 में 253110, 2012 में 413615, 2011 में 448945, 2010 में 309634, 2009 में 322242, 2008 में 327611, 2007 में 287870, 2006 में 216883, 2005 में 169046, 2004 में 102331, 2003 में 78,050, 2002 में 54023, 2001 में 54074 और 2000 में 88672 श्रद्धालु पहुंचे।

ये भी पढ़ें  वादाखिलाफी का आरोप... मंत्री आवास घेरने निकले PRD जवान, पुलिस से नोकझोंक, सड़क पर धरना

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button