Lucknow CityUttar Pradesh

रक्षाबंधन पर योगी की ‘पाती’ में बड़ा संदेश, बोले- हर बहन-बेटी के सम्मान और सुरक्षा का लें संकल्प

28 अगस्त को रक्षाबंधन से पहले प्रदेशवासियों के नाम लिखी चिट्ठी में योगी ने कहा- रक्षा-सूत्र को आचरण का हिस्सा बनाएं, सुरक्षाबलों के प्रति जताएं कृतज्ञता

लखनऊ, 24 अगस्त 2026:

रक्षाबंधन के पर्व से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेशवासियों के नाम एक बार फिर ‘योगी की पाती’ लिखी है। इस चिट्ठी में मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन को केवल भाई की कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं अपितु स्नेह, विश्वास, संकल्प और संरक्षण की भावना से जुड़ा पावन अवसर बताया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि रक्षा-सूत्र के संकल्प को केवल पर्व तक सीमित न रखें। इसे अपने आचरण का हिस्सा बनाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर मनाया जाएगा। यह पर्व सनातन संस्कारों की उस परंपरा का प्रतीक है जो परिवार को जोड़ने के साथ समाज में आत्मीयता और बहन-बेटियों के सम्मान, सुरक्षा एवं स्वाभिमान के प्रति जिम्मेदारी का भाव जगाती है।

रक्षाबंधन से जुड़ी पौराणिक कथाओं का भी किया उल्लेख

ये भी पढ़ें:

अपनी पाती में सीएम योगी ने रक्षाबंधन से जुड़ी पौराणिक कथाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और द्रौपदी के प्रसंग के जरिए स्नेह और संरक्षण के रिश्ते को रेखांकित किया। इसी तरह राजा बलि और माता लक्ष्मी के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि स्नेह केवल संबंध नहीं बनाता अपितु दायित्व और संरक्षण की भावना भी पैदा करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी उन्नयन के दौर में नई पीढ़ी तेजी से आगे बढ़ रही है। ऐसे समय में विवेक, सद्भाव, सामाजिक एकता और पारिवारिक संस्कारों को जीवन का हिस्सा बनाना पहले से अधिक जरूरी है। यही भाव समाज को मजबूत करने के साथ संविधान की प्रस्तावना में निहित समानता, बंधुता और सामाजिक समरसता को भी सशक्त करता है।

प्रदेश सरकार की महिला केंद्रित योजनाओं का जिक्र

सीएम योगी ने प्रदेश सरकार की महिला केंद्रित योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में बहन-बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को प्राथमिकता दी है। मिशन शक्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह और निराश्रित महिला पेंशन योजना जैसी योजनाओं से महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा, शिक्षा तथा सामाजिक संरक्षण मिला है। महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड को उन्होंने आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

स्थानीय स्तर पर निर्मित राखियों और उपहारों को प्राथमिकता देने आग्रह

रक्षाबंधन पर महिलाओं को खास सौगात के तौर पर मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 से माताओं-बहनों के लिए शुरू की गई निशुल्क बस यात्रा की सुविधा इस बार भी 27 से 29 अगस्त तक उपलब्ध रहेगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सुरक्षाबलों, पुलिसकर्मियों और आपदा राहतकर्मियों को रक्षा-सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता जताने की अपील भी की।

इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय स्तर पर निर्मित राखियों और उपहारों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया, ताकि स्थानीय श्रम, हुनर और उद्यम को बढ़ावा मिले और आत्मनिर्भर एवं विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूती मिले।

ये भी पढ़ें  केजीएमयू के रेजीडेंट डॉक्टर पर शिकंजा...कोर्ट ने जारी किया गैर जमानती वारंट

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button