लखनऊ, 25 अगस्त 2026:
यूपी के युवाओं के लिए आज (25 अगस्त) का दिन खास होने जा रहा है। प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वह कृषि विभाग और मंडी परिषद में चयनित कुल 3572 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़कर उनके सपनों को नई उड़ान देना और उन्हें स्वावलंबन की राह पर आगे बढ़ाना डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस शृंखला में आज उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया से कृषि विभाग के लिए नव…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 25, 2026
कार्यक्रम में कृषि विभाग के 3446 नवचयनित प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) और मंडी परिषद के 126 नवनियुक्त मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इन नियुक्तियों के जरिए बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी सेवा में अपनी नई पारी शुरू करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद वह चयनित युवाओं को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री नवनियुक्त कार्मिकों को उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देने के साथ ही सरकारी सेवा में ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा के महत्व पर भी संदेश दे सकते हैं।
इन नियुक्तियों को युवाओं के लिए रोजगार के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह और राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख समेत अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहेंगे।






