
देहरादून, 25 अगस्त 2026:
उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल व ऊधमसिंह नगर जिलों में चल रहे Special Intensive Revision (SIR) को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने मंडलायुक्तों व जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में दावे-आपत्तियों के निस्तारण की स्थिति देखी गई। सभी डीएम ने अपने-अपने जिलों की अब तक की कार्रवाई व रणनीति की जानकारी दी।
दावे-आपत्तियों की नियमानुसार सुनवाई हो
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि SIR के दौरान आने वाले सभी दावे-आपत्तियों की नियमानुसार सुनवाई होनी चाहिए। किसी स्तर पर लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। मामले में नियमानुसार कार्रवाई भी होगी।
राजनीतिक दलों, मीडिया से संवाद पर जोर
जिलाधिकारियों को जिले में राजनीतिक दलों व मीडिया के साथ नियमित संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए। CEO ने कहा कि SIR से जुड़े काम को लेकर सभी जरूरी जानकारी संबंधित पक्षों तक समय पर पहुंचनी चाहिए।
ज्यादा बदलाव वाले बूथों पर खास नजर
समीक्षा के दौरान Form 6, Form 7 व Form 8 के निस्तारण की स्थिति भी देखी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन बूथों पर 4 फीसदी से ज्यादा नाम जुड़ने की संभावना है या 2 फीसदी से ज्यादा नाम हटने की स्थिति बन रही है, वहां संबंधित ERO खुद निरीक्षण करें। ऐसे मामलों की नियमों के मुताबिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाए।

मंडलायुक्तों से फील्ड विजिट का फीडबैक
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत व गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप के हालिया जिला भ्रमण का फीडबैक भी लिया। दोनों मंडलायुक्तों को लगातार फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए गए, ताकि SIR के काम की जमीनी स्थिति पर नजर बनी रहे। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, दोनों मंडलायुक्त व संबंधित जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।






