National

Miss Universe India 2026 : 52 हसीनाएं, एक ताज और केरल की केजिया का जलवा

अब दुनिया के मंच पर करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व, जयपुर में सजा ग्लैमर और खूबसूरती का भव्य मंच, कई दावेदार प्रतिभागियों को पीछे छोड़कर केजिया लीज मेजो बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2026, वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप और अनुश्री सातवलेकर सेकेंड रनर-अप रहीं

न्यूज डेस्क, 25 अगस्त 2026:

गुलाबी नगरी जयपुर में सजी खूबसूरती, आत्मविश्वास और प्रतिभा की महफिल में केरल की 19 वर्षीय केजिया लीज मेजो ने अपनी चमक बिखेरते हुए मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का प्रतिष्ठित ताज अपने नाम कर लिया। देशभर से पहुंचीं 52 प्रतिभागियों के बीच केजिया ने अपनी खूबसूरती के साथ बुद्धिमत्ता, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और मंचीय प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया। अब केजिया अंतरराष्ट्रीय मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

कौन हैं केजिया लीज मेजो?

केरल की रहने वाली केजिया लीज मेजो महज 19 साल की हैं। फिलहाल कानून की पढ़ाई कर रही हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वह मॉडलिंग की दुनिया में भी सक्रिय हैं। उन्हें डांस का खास शौक है और वह क्लासिकल डांसर भी हैं। यही वजह है कि मंच पर उनकी प्रस्तुति में खूबसूरती के साथ आत्मविश्वास और ग्रेस का शानदार मेल देखने को मिला।

ये भी पढ़ें:

केजिया पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वर्ष 2025 में उन्होंने मिस टीन इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भारत की ओर से हिस्सा लिया था, जहां वह फर्स्ट रनर-अप रही थीं। इसके बाद 2026 में उन्होंने मिस यूनिवर्स केरल का खिताब भी अपने नाम किया। अब मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज जीतकर उन्होंने अपने नाम एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है।

Advertisement

52 सुंदरियों के बीच केजिया का जलवा

जयपुर में आयोजित ग्रैंड फिनाले में देश के अलग-अलग हिस्सों से आई 52 प्रतिभागियों ने विभिन्न राउंड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में खूबसूरती के साथ ही व्यक्तित्व, संचार कौशल, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सोच और भारतीय संस्कृति की समझ को भी परखा गया। फिनाले में तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश दूसरे स्थान पर रहीं जबकि गुजरात की अनुश्री सातवलेकर तीसरे स्थान पर रहीं। अंतिम दौर में केजिया ने अपने आत्मविश्वास और प्रभावशाली व्यक्तित्व से बाजी मार ली।
kezia-liz-mejo-crowned-miss-universe-india-2026-jaipur-grand-finale (2)

सुष्मिता सेन समेत कई सितारे रहे मौजूद

मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ग्रैंड फिनाले सिर्फ प्रतियोगिता ही नहीं अपितु ग्लैमर और फैशन का भी बड़ा मंच रहा। बॉलीवुड स्टार और पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन भी आयोजन में मौजूद रहीं। इसके अलावा दो बार मिस यूनिवर्स इंडिया विजेता रह चुकीं उर्वशी रौतेला, बॉलीवुड अभिनेत्री और करीब 25 वर्ष पहले मिस यूनिवर्स की फर्स्ट रनर-अप रहीं सेलिना जेटली, मिस यूनिवर्स इंडिया 2024-25 रिया सिंघा और मणिका विश्वकर्मा समेत कई जानी-मानी हस्तियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

‘ब्यूटी विद ब्रेन’ हैं केजिया

केजिया सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं। वह अपनी ग्लैमरस तस्वीरों और जिंदगी से जुड़े अपडेट्स के जरिए प्रशंसकों से जुड़ी रहती हैं। मॉडलिंग और डांस के साथ पढ़ाई में भी आगे बढ़ रही केजिया को उनके प्रशंसक ‘ब्यूटी विद ब्रेन’ का परफेक्ट कॉम्बिनेशन मानते हैं। बताया जाता है कि केजिया की एक बहन भी हैं, जो मलयालम फिल्मों में अभिनेत्री के तौर पर काम कर चुकी हैं।
kezia-liz-mejo-crowned-miss-universe-india-2026-jaipur-grand-finale (3)

‘भारत का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात’

खिताब जीतने के बाद केजिया ने कहा कि यह ताज उनके लिए सिर्फ उपलब्धि नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि वह इस अवसर के जरिए भारत की विविधता, संस्कृति, प्रतिभा और नई पीढ़ी की शक्ति को दुनिया के सामने रखना चाहती हैं।

मिस यूनिवर्स इंडिया के ऑनर निखिल आनंद ने भी केजिया को बधाई देते हुए कहा कि अब वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की सुंदरता, संस्कृति, आत्मविश्वास और विविधता की आवाज बनेंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भारत मिस यूनिवर्स का ताज जीतकर देश का गौरव बढ़ाएगा।

मौजूद रहे 800 फैशन डिजाइनर और डेलीगेट्स

जयपुर में आयोजित यह भव्य समारोह भारतीय संस्कृति और आधुनिकता के संगम का गवाह बना। लगभग 800 फैशन डिजाइनरों और डेलीगेट्स की मौजूदगी ने आयोजन को और खास बना दिया। अब सबकी निगाहें केजिया लीज मेजो पर हैं कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर वह भारत के लिए कितनी बड़ी कामयाबी हासिल करती हैं।

ये भी पढ़ें  गम में डूबे ईरान ने अपने मुखिया को दी अंतिम विदाई, मशहद में सुपुर्द-ए-खाक हुए अली खामेनेई

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link