
लखनऊ, 26 अगस्त 2026:
यूपी के मेडिकल छात्रों के लिए योगी सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। इंटर्नशिप भत्ता बढ़ाने की लंबे समय से चल रही मांग को सरकार ने मंजूर कर लिया है। अब प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों, संस्थानों और चिकित्सा विश्वविद्यालयों से एमबीबीएस व बीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर रोटेटिंग इंटर्नशिप करने वाले छात्रों को हर महीने 25 हजार रुपये इंटर्नशिप भत्ता मिलेगा। सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में भत्ता बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
12 हजार से सीधे 25 हजार रुपये
अभी मेडिकल इंटर्न को प्रतिमाह 12 हजार रुपये भत्ता मिलता था। कैबिनेट के फैसले के बाद यह राशि दोगुने से भी ज्यादा बढ़कर 25 हजार रुपये प्रतिमाह हो जाएगी। सरकार के इस फैसले से सरकारी चिकित्सा संस्थानों में प्रशिक्षण ले रहे एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही उन्हें अपने प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रोत्साहन भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में MBBS/BDS छात्र-छात्राओं के रोटेटिंग इंटर्नशिप भत्ते को ₹12,000 से बढ़ाकर ₹25,000 प्रतिमाह करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई। pic.twitter.com/CdQZRW2bpp
— Government of UP (@UPGovt) August 25, 2026
2021 में भी बढ़ाया गया था इंटर्नशिप भत्ता
योगी सरकार इससे पहले वर्ष 2021 में भी इंटर्नशिप भत्ते में बढ़ोतरी कर चुकी है। उस समय भत्ता 7500 रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया था। अब एक बार फिर बड़ी बढ़ोतरी करते हुए इसे 25 हजार रुपये कर दिया गया है।
मरीजों की सेवा में इंटर्न की अहम भूमिका
एमबीबीएस और बीडीएस परीक्षा पास करने वाले छात्रों के लिए रोटेटिंग इंटर्नशिप अनिवार्य होती है। इस दौरान इंटर्न सरकारी चिकित्सा संस्थानों में डॉक्टरों के साथ मरीजों के उपचार में सहयोग करते हैं। इसके अलावा ओपीडी, वार्ड, आपातकालीन सेवाओं और रात्रि ड्यूटी में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में सरकार का यह फैसला प्रशिक्षण के साथ मरीजों की सेवा में जुटे मेडिकल इंटर्न के लिए बड़ी आर्थिक राहत के तौर पर देखा जा रहा है।






