Lucknow City

JPNIC 35 साल की लीज पर, 2 साल में बदलेगी सूरत, होटल-कन्वेंशन सेंटर से LDA को हर साल मिलेगा करोड़ों का राजस्व

821 करोड़ की लागत से बने जेपीएनआईसी के बचे काम पूरे करेगा निजी कंसोर्टियम, संचालन के लिए वृंदावन बॉटलर्स-रॉकवुड होटल्स का चयन, हर साल 5% बढ़ेगा लीज भुगतान

लखनऊ, 26 अगस्त 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) के लंबे समय से अटके संचालन को अब रफ्तार मिलने की उम्मीद है। राज्य कैबिनेट ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है जिसके तहत जेपीएनआईसी को 35 वर्षों की लीज पर निजी कंपनी या कंसोर्टियम को संचालन के लिए दिया जाएगा। ग्लोबल टेंडर और ओपन बिड की प्रक्रिया के बाद वृंदावन बॉटलर्स एंड रॉकवुड होटल्स को कंसोर्टियम के तौर पर चुना गया है।

खास बात यह है कि जेपीएनआईसी को संचालन में लेने वाला कंसोर्टियम इसका प्रबंधन करने के साथ अपने खर्च पर परिसर में बचे हुए काम भी पूरे करेगा। वर्तमान में इंटीरियर, इलेक्ट्रिकल और फायर उपकरण समेत विभिन्न अवशेष कार्यों पर करीब 200 से 250 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

अनुबंध के मुताबिक कंसोर्टियम को दो साल के भीतर इन सभी कामों को पूरा कर संचालन शुरू करना होगा। इसके साथ ही कंसोर्टियम को एलडीए के पास 25 करोड़ रुपये की परफॉर्मेंस गारंटी जमा करनी होगी। स्वीकृति पत्र मिलने के बाद 10 करोड़ 11 लाख रुपये का भुगतान भी प्राधिकरण को किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:

हर साल बढ़ेगा एलडीए का राजस्व

जेपीएनआईसी का संचालन शुरू होते ही एलडीए को नियमित आय भी होने लगेगी। कंसोर्टियम पहले वर्ष में प्राधिकरण को छह करोड़ रुपये देगा। इस राशि में हर साल पांच प्रतिशत की वृद्धि होगी। लीज अवधि के अंत तक सालाना भुगतान करीब 35 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। इस व्यवस्था से एलडीए को लंबे समय तक नियमित राजस्व मिलेगा।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक जेपीएनआईसी के निर्माण पर करीब 821 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इस राशि को एलडीए अगले 30 वर्षों में शासन को वापस करेगा। ऐसे में दीर्घकालिक लीज से एक तरफ केंद्र के बचे काम पूरे होंगे और दूसरी ओर रखरखाव व संचालन का वित्तीय बोझ भी प्राधिकरण पर कम होगा।

होटल से स्पोर्ट्स फैसिलिटी तक होगा संचालन

जेपीएनआईसी में बने होटल, कन्वेंशन सेंटर, ऑडिटोरियम, पार्किंग और स्पोर्ट्स फैसिलिटी का संचालन चयनित कंसोर्टियम करेगा। हालांकि, म्यूजियम ब्लॉक का संचालन अधिकार एलडीए के पास ही रहेगा। जेपीएनआईसी में स्पोर्ट्स और क्लब मेंबरशिप की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इसके लिए शुल्क लिया जाएगा लेकिन सदस्यता की दरें कंसोर्टियम मनमाने ढंग से तय नहीं कर सकेगा। प्रभावी दरों का निर्धारण कमेटी करेगी।

जेपीएनआईसी के संचालन के लिए एलडीए ने मार्च 2026 में ग्लोबल टेंडर आमंत्रित किया था। इसमें तीन बड़ी कंपनियों/कंसोर्टियम ने भाग लिया। निविदाओं के परीक्षण और मूल्यांकन के बाद ओपन बिड के जरिए वृंदावन बॉटलर्स एंड रॉकवुड होटल्स कंसोर्टियम का चयन किया गया। रॉकवुड होटल्स दुबई और न्यूयॉर्क समेत करीब 30 देशों में होटल श्रृंखलाओं के संचालन का अनुभव रखता है जबकि वृंदावन बॉटलर्स प्रदेश की बड़ी बॉटलिंग कंपनियों में शामिल है। उसका सालाना टर्नओवर करीब 400 करोड़ रुपये बताया गया है।

कैबिनेट की मंजूरी के बाद जेपीएनआईसी के संचालन की राह साफ हो गई है। अगले दो वर्षों में अधूरे काम पूरे होने के बाद यह परिसर होटल, कन्वेंशन, मनोरंजन और खेल सुविधाओं से लैस एक आधुनिक बहुउद्देश्यीय केंद्र के रूप में सामने आ सकता है।

ये भी पढ़ें  महाशिवरात्रि : मोहनलालगंज में निकली भव्य शिव बारात...दूल्हा बने महादेव के दर्शन को उमड़ी भीड़

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button