Lucknow City

UP चुनाव से पहले सियासी ‘महिला कार्ड’ तेज, सपा ने खोला वादों का पिटारा, हर महिला को ₹40 हजार, छात्राओं को लैपटॉप

रक्षाबंधन पर योगी सरकार के महिला-केंद्रित फैसलों के बीच सपा का बड़ा ऐलान, मुफ्त बस-मेट्रो सफर से लेकर महिला अवकाश, स्कूल फीस और अस्पताल तक कई चुनावी वादे

लखनऊ, 26 अगस्त 2026:

यूपी विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ सियासी तैयारियों के बीच वादों की रफ्तार तेज हो गई है। रक्षाबंधन पर योगी सरकार की ओर से महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क सफर की घोषणा के बाद समाजवादी पार्टी ने बुधवार को ही महिलाओं के लिए अपना बड़ा चुनावी एजेंडा सामने रख दिया। सपा ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ के तहत सत्ता में आने पर हर महिला को सालाना 40 हजार रुपये देने का ऐलान किया है।

up-election-sp-women-40-thousand-scheme-promises1

लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी एवं मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव ने योजना की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार बनने पर हर महिला को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे और समय के साथ इस राशि में बढ़ोतरी भी की जाएगी। इसके साथ महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने और इंटरमीडिएट पास करने वाली हर छात्रा को लैपटॉप देने का वादा किया गया।

ये भी पढ़ें:

छात्राओं के लिए मेट्रो सफर को भी मुफ्त करने का ऐलान

सपा ने छात्राओं के लिए मेट्रो सफर को भी मुफ्त करने का ऐलान किया है। स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं को मुफ्त मेट्रो यात्रा के लिए पास देने की बात कही गई है। पार्टी की महिला सांसदों और विधायकों ने भी बारी-बारी से घोषणाएं करते हुए महिला केंद्रित कई योजनाओं का खाका पेश किया।

26 हजार स्कूल दोबारा खोलने व महिलाओं को हर माह दो दिन का अवकाश देने का वादा

सपा ने प्रदेश में बंद किए गए 26 हजार विद्यालयों को दोबारा खोलने, गांवों में बंद हो रहे आंगनबाड़ी केंद्रों को फिर शुरू करने और हर जिले में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल खोलने का वादा किया। महिलाओं को हर महीने दो दिन का अनिवार्य आकस्मिक अवकाश देने की घोषणा भी की गई है। यह सुविधा सरकारी और निजी दोनों कार्यालयों में लागू करने की बात कही गई।

फीस में राहत से लेकर आवास तक बड़े वादे

सपा ने सरकारी स्कूलों में महिलाओं की फीस माफ करने और निजी स्कूलों में फीस आधी करने का वादा किया। विधवा और बेसहारा महिलाओं को लोहिया आवास देने, बुजुर्गों के लिए हर जिले में वृद्धाश्रम खोलने और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने की बात भी कही गई। पार्टी ने महिला सुरक्षा के लिए 1090 व्यवस्था को और मजबूत करने का दावा किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि बिना आधी आबादी की भागीदारी के प्रदेश की तरक्की अधूरी है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार ने पहले लैपटॉप बांटे थे और अब इंटरमीडिएट पास सभी बेटियों को लैपटॉप देने का संकल्प लिया जाएगा।

33 फीसदी महिला आरक्षण पर भाजपा को चुनौती

अखिलेश यादव ने भाजपा को अगले विधानसभा चुनाव से ही 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि भाजपा जितनी महिलाओं को टिकट देगी, सपा उससे अधिक महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारेगी। अखिलेश ने कहा कि पार्टी ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ को लेकर जनता के बीच जाएगी और आधी आबादी को पूरी आजादी दिलाने के लिए काम करेगी।

महिलाओं को लेकर घोषणाओं की इस पूरी कवायद ने यूपी की चुनावी राजनीति में महिला मतदाताओं को लेकर सियासी मुकाबला और दिलचस्प कर दिया है। एक तरफ सरकार अपने फैसलों के जरिए महिला कल्याण को मुद्दा बना रही है तो दूसरी तरफ सपा ने सीधे आर्थिक सहायता, मुफ्त यात्रा, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़े वादों के जरिए चुनावी मैदान में बड़ा दांव चल दिया है।

ये भी पढ़ें  लखनऊ में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: विधानभवन कूच से पहले पुलिस ने घेरा, अजय राय समेत सैकड़ों हिरासत में

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button