
देहरादून, 27 अगस्त 2026:
उत्तराखंड के लोक देवता गोलज्यू के बाल जीवन पर आधारित फिल्म बाला गौरिया का टीजर व पोस्टर मुख्यमंत्री आवास में रिलीज किया गया। हिमाद्रि प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही इस फिल्म का निर्देशन नितिन तिवारी कर रहे हैं, जबकि मनोज चंदोला निर्माता हैं। फिल्म के अक्टूबर के पहले सप्ताह में रिलीज होने की उम्मीद है।
लोक संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ने की कोशिश
टीजर व पोस्टर लोकार्पण के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म की टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोकगाथाएं, लोक परंपराएं व लोक देवताओं से जुड़ी कहानियां प्रदेश की अलग पहचान हैं। बाला गौरिया जैसी फिल्में इन कहानियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ देश-दुनिया के दर्शकों से भी जोड़ सकती हैं।
फिल्म शूटिंग के लिए उत्तराखंड पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उत्तराखंड को Film Shooting व Film Tourism का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रही है। प्रदेश की प्राकृतिक खूबसूरती, अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्र व समृद्ध लोक संस्कृति फिल्म निर्माताओं के लिए बड़ा आकर्षण हैं। सरकार की कोशिश है कि बाहर से आने वाले निर्माताओं को शूटिंग के लिए जरूरी सुविधाएं मिलें, अनुमति की प्रक्रिया आसान हो।
फिल्म सिटी व शूटिंग पॉलिसी पर जोर
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन नीति में Film Tourism को बढ़ावा देने, शूटिंग के लिए प्रोत्साहन देने व अनुमति व्यवस्था को आसान बनाने के प्रावधान किए गए हैं। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में फिल्म सिटी विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

स्थानीय युवाओं को मिलेंगे मौके
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग के पसंदीदा डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए फिल्म निर्माण से जुड़े रोजगार व स्वरोजगार के मौके बढ़ाना भी सरकार की प्राथमिकता है। इससे प्रदेश की कला, संस्कृति, बोली-भाषा, लोक परंपराओं व पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया में पहचान मिल सकती है।
दूसरी लोकगाथाओं पर भी फिल्म बनाने की अपील
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोक देवताओं व लोक आख्यानों में सदियों पुरानी परंपराओं के साथ जीवन मूल्यों की झलक मिलती है। ऐसी कहानियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने फिल्म निर्माताओं से प्रदेश की दूसरी लोकगाथाओं, लोक देवताओं व सांस्कृतिक परंपराओं पर भी फिल्में बनाने के लिए आगे आने की अपील की।
टीम को हरसंभव सहयोग का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति व स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए फिल्म निर्माताओं को सरकार की तरफ से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। बाला गौरिया जैसी फिल्मों से उत्तराखंड की लोक थातियों को बड़ा मंच मिलने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है। कार्यक्रम में फिल्म निर्माता मनोज चंदोला समेत फिल्म से जुड़े कलाकार व टीम के सदस्य मौजूद रहे।






