Uttarakhand

राज्यपाल को छात्राओं ने बांधी राखी, बोले-  रक्षाबंधन पर्व एक-दूसरे की सुरक्षा-सम्मान का संकल्प लेने का अवसर 

देहरादून में लोक भवन में आयोजित हुआ कार्यक्रम, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों के साथ विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं हुईं शामिल, बच्चों की प्रस्तुतियों ने देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता का भरा रंग

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 28 अगस्त‌ 2026:

रक्षाबंधन के पर्व पर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के लोक भवन में स्नेह, आत्मीयता और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों के साथ विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) को राखी बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। राज्यपाल ने भी बहनों और छात्राओं का आभार जताते हुए रक्षाबंधन को प्रेम, विश्वास, सुरक्षा, जिम्मेदारी और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बताया।

उज्ज्वल भविष्य के लिए दिया आशीर्वाद 

ये भी पढ़ें:

समारोह में सेपियंस स्कूल विकासनगर, हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स उत्तराखंड, समर वैली स्कूल देहरादून और देवभूमि इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल हरिद्वार की छात्राओं ने राज्यपाल को रक्षा सूत्र बांधकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। समारोह में बच्चों की प्रस्तुतियों ने पर्व की खुशियों में देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता का रंग भर दिया।

rajyapal-gurmeet-singh-raksha-bandhan-students (2)

छात्राओं ने लघु नाटिका प्रस्तुत की

छात्राओं ने देशभक्ति समूह नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं एसओएस चिल्ड्रन विलेज के बच्चों की ‘राम आएंगे’ गीत की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को भावनात्मक और आध्यात्मिक बना दिया। सेपियंस स्कूल की छात्राओं ने ‘रक्षाबंधन-राष्ट्र के प्रत्येक रक्षक का सम्मान’ विषय पर लघु नाटिका प्रस्तुत कर देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश दिया। देवभूमि इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल हरिद्वार की छात्राओं ने नशामुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।

बच्चों की प्रस्तुतियों को सराहा 

राज्यपाल ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं है, बल्कि यह एक-दूसरे की सुरक्षा, सम्मान और जिम्मेदारी का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिक हों या समाज और परिवार की सुरक्षा एवं कल्याण में योगदान देने वाला कोई भी व्यक्ति, सभी के प्रति सम्मान की भावना ही रक्षाबंधन के संदेश को व्यापक बनाती है।

राज्यपाल ने स्मृति-चिह्न भेंट किए

उन्होंने कहा कि बच्चों की देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी प्रस्तुतियां यह दर्शाती हैं कि नई पीढ़ी में संस्कारों के साथ राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत हो रही है। राज्यपाल ने सभी छात्राओं और बच्चों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राज्यपाल ने छात्राओं को स्मृति-चिह्न भी भेंट किए गए। कार्यक्रम में लोक भवन के अधिकारी-कर्मचारी और संबंधित विद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  2027 में ‘हैट्रिक’ का लक्ष्य : उत्तराखंड भाजपा ने स्थापना दिवस पर भरी जीत की हुंकार

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button