
सीतापुर, 29 अगस्त 2026:
यूपी के सीतापुर जिले की महोली तहसील परिसर में शनिवार सुबह भूलेख अनुभाग के कमरे में आग लग गई। धुआं उठता देखकर कर्मचारियों ने कमरे का ताला खुलवाया तो अंदर लैपटॉप, सीपीयू, प्रिंटर समेत इलेक्ट्रिक उपकरण जल रहे थे। आग में भूलेख से जुड़ी फाइलें भी जलने की बात सामने आई है।

धुआं दिखने पर कर्मचारियों ने खोला कमरा
घटना सुबह करीब नौ बजे की है। तहसील परिसर के कमरा नंबर दो से धुआं निकलता देखकर कर्मचारियों को आग की जानकारी हुई। सुरक्षाकर्मियों की मदद से कमरे का ताला खुलवाया गया। अंदर आग लगी देखकर कर्मचारियों ने तुरंत बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।
सात Fire Extinguisher हुए खाली
आग बुझाने के दौरान तहसील परिसर में रखे चार बड़े व तीन छोटे Fire Extinguisher इस्तेमाल किए गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। भूलेख अनुभाग के दोनों कमरों में काफी देर तक धुआं भरा रहा।
भूलेख के काम में इस्तेमाल होते थे उपकरण
कमरा नंबर एक व दो में तहसील का भूलेख अनुभाग संचालित होता है। यहां किसानों को खसरा, खतौनी व अंश भाग की छायाप्रतियां सरकारी शुल्क पर उपलब्ध कराई जाती हैं। आग की चपेट में आने से इस काम में इस्तेमाल होने वाले लैपटॉप, सीपीयू, प्रिंटर समेत दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए जले हुए साक्ष्य
आग की सूचना मिलने के बाद 112 पुलिस व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने जले हुए इलेक्ट्रिक उपकरणों व आसपास से जरूरी साक्ष्य जुटाए, जिससे आग लगने की वजह का पता लगाया जा सके। SDM शैलेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। आग में लैपटॉप, सीपीयू, प्रिंटर समेत दूसरे उपकरण जले हैं। मामले की जांच जारी है।






