
देवरिया, 29 अगस्त 2026:
पूर्वांचल के दौरे पर देवरिया पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को विकास परियोजनाओं के मंच से समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर राजनीतिक हमला बोला। सलेमपुर और भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्रों में 305 करोड़ रुपये की 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सपा की कार्यशैली, कथित भ्रष्टाचार, परिवारवाद और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा।
योगी ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि सपा के ‘बबुआ’ 12 बजे सोकर उठते हैं। इसलिए उनका दिमाग भारी रहता है और वह झुंझलाते हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पत्रकारों के सवालों पर अखिलेश गाली-गलौज और हाथापाई पर उतारू हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि सुना है… अखिलेश यादव ने एक बार पत्रकार के गले पर तलवार रख दी थी। योगी ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और जब मीडिया ने ‘बबुआ’ की सच्चाई सामने रखी तो उनके साथ ऐसा व्यवहार किया गया।
‘सपा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी, एक परिवार के सब लोग’
मुख्यमंत्री ने सपा के परिवारवाद पर हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी अब एक तरह से ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ बन चुकी है.जिसमें एक ही परिवार के लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया खुद कहते हैं कि एक परिवार के पांच सांसद हैं, इसलिए पार्टी बची हुई है। योगी ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को खैर मनानी चाहिए कि सपा अभी बची है, वरना उसका भी वही हाल होगा जो जनता दल का हुआ था।

जेपीएनआईसी पर अखिलेश सरकार को घेरा
मुख्यमंत्री ने लखनऊ के जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) को लेकर भी सपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि परियोजना की शुरुआती लागत महज 200 करोड़ रुपये थी लेकिन सपा सरकार ने इस पर 864 करोड़ रुपये खर्च कर दिए और इसके बावजूद परियोजना अधूरी रह गई। योगी ने कहा कि यह पैसा किसी ‘सैफई सिंडिकेट’ का नहीं बल्कि प्रदेश की जनता का था।
उनके मुताबिक यदि सरकार अब इस परियोजना पर पैसा लगाएगी तो 150 से 200 करोड़ रुपये और खर्च हो सकते हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार की मंशा सरकारी पैसे से बने इस परिसर को निजी कंपनी के हवाले करने की थी जहां होटल, क्लब और जिम जैसी गतिविधियां चलतीं। उससे होने वाली कमाई परिवार के पास जाती।
उन्होंने कहा कि 2017 में भाजपा सरकार आने के बाद परियोजना को एलडीए को सौंपा गया और जांच के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की गई। योगी ने कहा कि जिस धन से युवाओं को रोजगार, फ्लाईओवर, इनोवेशन सेंटर और विश्वविद्यालय बनाए जा सकते थे, उसे कथित तौर पर ‘अय्याशी’ में खर्च करने के लिए सपा मुखिया को जनता से माफी मांगनी चाहिए।
बाबा दुग्धेश्वरनाथ की पावन धरा जनपद देवरिया के सलेमपुर एवं भाटपार रानी विधान सभा क्षेत्रों में ₹305 करोड़ लागत की 80 लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं का आज लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, नियुक्ति-पत्र, टूल किट व सहायता… pic.twitter.com/TtdsagZiUf
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 29, 2026
एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी का दावा
मुख्यमंत्री ने युवाओं को लेकर भी कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इनमें 45 हजार होमगार्ड और 36 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती शामिल है। पुलिस भर्ती में चार हजार सब इंस्पेक्टर भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से विभिन्न विभागों में करीब 30 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। शिक्षकों की भर्ती भी जल्द शुरू होने का दावा मुख्यमंत्री ने किया।
योगी ने कहा कि यूपीटीईटी में 13 लाख नौजवान उत्तीर्ण हुए हैं। भर्ती का अधियाचन भेजा जा चुका है। जल्द ही विज्ञापन जारी होगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार दो करोड़ युवाओं को टैबलेट देने की योजना पर काम कर रही है। 50 लाख से अधिक युवाओं को टैबलेट दिए जा चुके हैं और 25 लाख का नया ऑर्डर दिया गया है।
इंसेफेलाइटिस पर सपा-कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल की पुरानी स्वास्थ्य समस्या इंसेफेलाइटिस को लेकर भी पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई से 15 नवंबर तक पूर्वांचल के कई जिलों में भय और दहशत का माहौल रहता था। माता-पिता इस चिंता में रहते थे कि कहीं उनका बच्चा इंसेफेलाइटिस की चपेट में न आ जाए।
योगी ने दावा किया कि 40 वर्षों में इंसेफेलाइटिस से 50 हजार मासूमों की जान गई लेकिन सपा और कांग्रेस की सरकारों के मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री पीड़ित परिवारों का हाल जानने नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद भाजपा सरकार ने इस बीमारी के खिलाफ निर्णायक अभियान चलाया और अब पूर्वांचल में हालात बदल चुके हैं।
‘अब उपद्रव नहीं, विकास और रोजगार की बात’
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार में गरीबों को राशन, बिजली, आवास और शौचालय मिल रहा है। युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने दावा किया कि साढ़े नौ साल में प्रदेश में साढ़े नौ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं और करीब तीन करोड़ युवाओं को रोजगार मिला है।
उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में उत्सव से पहले उपद्रव और दंगा-फसाद नहीं हो सकता। माफिया पर कार्रवाई का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि व्यापारी और बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए जेल या जहन्नुम ही जगह है।
राम मंदिर से लेकर तुष्टिकरण तक कांग्रेस पर हमला
योगी ने देवरिया के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पूर्व कांग्रेस विधायक राघव बाबा का जिक्र करते हुए कांग्रेस की तुष्टिकरण नीति पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि राघव बाबा कांग्रेस विधायक होने के बावजूद राम को आन-बान-शान का प्रतीक मानते थे। रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान कांग्रेस की नीतियों का विरोध करते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश को कोई ‘बीमारू’ राज्य नहीं कहता। आज देश-दुनिया में यूपी की छवि बदली है और लोग यहां के विकास तथा रामराज्य की चर्चा करते हैं।
महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा का भी जिक्र
मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम की बसों में 27 से 29 अगस्त तक सहयात्री के साथ महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में लाखों महिलाओं ने इसका लाभ लिया है। 30 अगस्त से 60 वर्ष से अधिक उम्र की माताओं को भी परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने की बात कही। योगी ने कहा कि सरकार जनता के टैक्स के पैसे का लाभ जनता को वापस दे रही है और 16 करोड़ गरीबों को निशुल्क राशन दिया जा रहा है।
दुग्धेश्वर नाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण और क्षेत्रीय विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि विधायकों की ओर से दिए गए प्रस्तावों को सरकार तत्काल स्वीकृति दे रही है। उन्होंने सपा पर मंदिरों के सौंदर्यीकरण के पैसे को कब्रिस्तानों पर खर्च करने का आरोप भी लगाया।
देवरिया से सपा पर योगी का चुनावी नैरेटिव साफ
मुख्यमंत्री के पूरे संबोधन में विकास के साथ विपक्ष पर सीधा राजनीतिक हमला प्रमुखता से दिखाई दिया। एक तरफ उन्होंने 305 करोड़ की परियोजनाओं, रोजगार और सरकारी योजनाओं को भाजपा सरकार की उपलब्धि के रूप में पेश किया, वहीं दूसरी तरफ अखिलेश यादव और सपा को परिवारवाद, कथित भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और तुष्टिकरण के मुद्दे पर घेरा।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, विधायक सभाकुंवर कुशवाहा, डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, सुरेंद्र चौरसिया, दीपक कुमार मिश्र, जिला पंचायत प्रशासक गिरीश चंद्र तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा समेत कई नेता मौजूद रहे।






